श्रावणी मेला को देखते हुए रेलवे ने साउथ बिहार एक्सप्रेस के परिचालन में बदलाव किया है. अगस्त महीने में हर गुरुवार को आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288) बदले हुए मार्ग से चलेगी. इस दौरान ट्रेन चांडिल-कांड्रा-सीनी होकर जाएगी और टाटानगर स्टेशन नहीं आएगी.
वहीं, दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) हर शुक्रवार को अपने तय समय और निर्धारित मार्ग से ही चलेगी. रेलवे के इस फैसले से यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन के रूट की जानकारी रखना जरूरी होगा.
इन तारीखों में बदले मार्ग से चलेगी ट्रेन
आरा-दुर्ग साउथ बिहार एक्सप्रेस (13288) 6, 13, 20 और 27 अगस्त को परिवर्तित मार्ग चांडिल-कांड्रा-सीनी होकर चलेगी. इन दिनों यह ट्रेन टाटानगर स्टेशन नहीं पहुंचेगी.
दुर्ग-आरा साउथ बिहार एक्सप्रेस (13287) 7, 14, 21 और 28 अगस्त को अपने निर्धारित समय और पुराने मार्ग से ही चलेगी.
राउरकेला में शॉर्ट टर्मिनेट नहीं होगी ट्रेन
चक्रधरपुर रेल मंडल के कांशबहाल-धारुआडीह रेलखंड में टीआरटी मशीन ब्लॉक के कारण अगस्त में साउथ बिहार एक्सप्रेस प्रभावित नहीं होगी. श्रावणी मेला को देखते हुए रेलवे ने अगस्त में गुरुवार और शुक्रवार को ट्रेन सेवा बहाल रखने का फैसला लिया है. इस कारण ट्रेन राउरकेला में शॉर्ट टर्मिनेट और ऑर्जिनेट नहीं होगी.
बता दें कि चक्रधरपुर रेल मंडल में कांशबहाल-धारुआडीह रेलखंड पर 3 जुलाई से 13 नवंबर तक हर गुरुवार और शुक्रवार को टीआरटी ब्लॉक लिया जा रहा है.
