सुबह शौच के लिए गये कर्मियों ने बाथरूम में अप्पू को बेसुध देखा
जौंडिस से था पीड़ित, चल रहा था इलाज
Jamshedpur News :
साकची थानांतर्गत होटल अशोका इन के रसोईया अप्पू प्रमाणिक (36) का शव होटल के बाथरूम में मिला. अप्पू के शव को साकची पुलिस ने कब्जे में कर पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम मेडिकल कॉलेज भेज दिया है. घटना शनिवार तड़के की है. घटना की जानकारी मिलने के बाद होटल में मौजूद कर्मचारियो के बीच हड़कंप मच गया. घटना के संबंध में बताया गया कि शनिवार की सुबह जब शौच करने के लिए बाथरूम में दो-तीन कर्मचारी गये, तो देखा कि अप्पू वहीं गेट के पास गिरा हुआ है. उसके बाद उन लोगों ने उसे जगाने का प्रयास किया. जब वह बेसुध दिखा, तो उन लोगों ने होटल के मैनेजर और मालिक को फोन कर मामले की जानकारी दी. उसके बाद साकची पुलिस को मौके पर बुलाया गया.साकची पुलिस ने बताया कि अप्पू प्रमाणिक मूल रूप से पश्चिम बंगाल के मेदनीपुर का रहनेवाला था. वह पिछले कुछ साल से होटल अशोका में खाना पकाने का काम कर रहा था. वर्तमान में उसे जौंडिस की बीमारी हो गयी थी. जिसका इलाज भी चल रहा था.
साकची थाना प्रभारी गोपाल कृष्णा ने बताया कि बीमारी के कारण अप्पू प्रमाणिक की मौत हो गयी है. इस मामले में किसी का कोई दोष अब तक सामने नहीं आया है. हालांकि मौत के असली वजह की जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मिल पायेगी.