अभय ने मारी थी जीके गौतम को गोली, अनिकेत चला रहा था मोटरसाइकिल
Jamshedpur News :
लोको पायलट जीके गौतम हत्याकांड में पुलिस ने एक और सफलता हासिल करते हुए रेलवे सुरक्षा गार्ड आशीष कुमार कर्ण को गिरफ्तार किया है. उसकी निशानदेही पर बागबेड़ा पुलिस ने शूटरों की मदद करने के आरोप में गया (बिहार) के परैया थाना क्षेत्र के महादेवपुर निवासी छोटू शर्मा और बागबेड़ा हरहरगुट्टू काली मंदिर के पास रहने वाले जितेंद्र कुमार को भी गिरफ्तार किया है. पूछताछ के बाद गुरुवार देर शाम तीनों को जेल भेज दिया गया.
बागबेड़ा थाना में पूछताछ के दौरान आशीष कुमार कर्ण, छोटू शर्मा और जितेन्द्र कुमार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है. इस काम के एवज में अविनाश सिंह ने उन्हें रुपये भी दिये थे. पुलिस ने आशीष के पास से वह मोबाइल फोन जब्त किया है, जिसके जरिये शूटरों को लोकेशन दी गयी थी. इसके अलावा छोटू और जितेंद्र के मोबाइल फोन भी जब्त किये गये हैं.
आशीष ने ही दी थी अनिकेत और अभय यादव को लोकेशन
पुलिस के अनुसार, बागबेड़ा हरहरगुट्टू बड़ा तालाब के पास रहने वाला आशीष ने ही शूटर गया निवासी अभय यादव और राजकिशोर सिंह के बेटे अनिकेत सिंह को जीके गौतम की लोकेशन दी थी. इसके बाद दोनों मोटरसाइकिल से पहुंचे और अभय यादव ने जीके गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी. छोटू शर्मा ने अविनाश सिंह और उसके भाई अनिकेत सिंह को फर्जी सिम कार्ड उपलब्ध कराया था. इसके बदले उसने पांच हजार रुपये लिये थे.
शूटर अभय यादव, अविनाश सिंह और आर्यन चौधरी को तलाश रही पुलिस
पुलिस के अनुसार, 26 अप्रैल की रात जीके गौतम की हत्या के बाद अनिकेत ने फोन कर इसकी जानकारी अविनाश सिंह को दी. इसके बाद अनिकेत और अभय यादव घाघीडीह जेल के पीछे मुइगुट्टू इलाके में बाइक छोड़कर अविनाश के साथ दूसरे वाहन से बिहार चले गये. इस घटना में जितेंद्र का भतीजा आर्यन चौधरी भी शामिल था. आर्यन अपने चाचा जितेंद्र के मोबाइल फोन से अपराधियों के लगातार संपर्क में था. फिलहाल इस मामले में शूटर अभय यादव, अविनाश सिंह और आर्यन चौधरी फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.