सरयू राय के आवास पर अधिकारियों के साथ हुई लाभुकों की बैठक
अधूरे सड़क, नाली और ड्रेनेज कार्य बने देरी की वजह
बैठक में अधिकारियों और लाभुकों के बीच तीखी बहस
Jamshedpur News :
बिरसानगर स्थित प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बने मकानों की चाबी लाभुकों को सौंपने के मुद्दे पर मंगलवार को जमशेदपुर पश्चिमी के विधायक सरयू राय के बिष्टुपुर स्थित आवास पर अहम बैठक हुई. बैठक में 75 से अधिक लाभुक शामिल हुए. इस दौरान जुडको के प्रोजेक्ट डायरेक्टर/मैनेजर धनंजय कुमार और जेएनएसी के उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार भी मौजूद रहे. बैठक के दौरान कई बार हंगामे की स्थिति भी बनी, क्योंकि लाभुक लंबे समय से चाबी मिलने में हो रही देरी से नाराज थे. बैठक में अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि योजना क्षेत्र में सड़क, नाली और ड्रेनेज का कार्य अभी अधूरा है. इन बुनियादी कार्यों के पूरा हुए बिना प्रोजेक्ट को जेएनएसी को हैंडओवर नहीं किया जा सकता. प्रोजेक्ट मैनेजर धनंजय कुमार ने बताया कि ड्रेनेज का टेंडर फाइनल हो चुका है और जल्द ही काम शुरू होकर एक माह में पूरा कर लिया जायेगा. वहीं सड़क निर्माण के लिए राशि स्वीकृति की प्रक्रिया जारी है, तब तक वैकल्पिक व्यवस्था के तहत फ्लाई ऐश बिछाने की योजना है.उप नगर आयुक्त कृष्ण कुमार ने कहा कि जब तक सभी आधारभूत सुविधाएं पूरी नहीं हो जातीं, तब तक प्रोजेक्ट को लेना संभव नहीं है. उन्होंने अनुमान जताया कि कार्य पूरा होने में कम से कम एक माह का समय लगेगा. इस पर लाभुकों ने अधिकारियों से स्पष्ट तारीख लिखित में देने की मांग की. अंततः यह सहमति बनी कि 31 मई तक सभी कार्य पूरे कर लिए जायेंगे और उसके बाद एक कार्यक्रम आयोजित कर चाबी सौंपी जायेगी. विधायक सरयू राय ने बैठक में बताया कि उन्होंने पिछले दो दिनों में मंत्री से मुलाकात कर लाभुकों की समस्याओं से अवगत कराया है. उन्होंने चेतावनी दी कि यदि 31 मई तक मकान तैयार कर चाबी नहीं दी गयी, तो वे 1 जून से अनशन पर बैठेंगे.
