– जेएनएसी ने छह सदस्यीय टीम का गठन किया, विशेष वाहन व प्रशिक्षित कर्मियों की तैनाती की
– सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल केंद्र में विशेषज्ञों की देखरेख में किया जायेगा कार्यवरीय संवाददाता, जमशेदपुर
शहर में आवारा कुत्तों की नसबंदी और टीकाकरण अभियान जल्द शुरू होगा. जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) के पशु चिकित्सा पदाधिकारी सागर हांसदा के नेतृत्व में छह सदस्यीय टीम का गठन किया गया है. अभियान के लिए एक विशेष वाहन और प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती भी की गई है. जेएनएसी कार्यालय से उप नगर आयुक्त विशेष वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे. अभियान के तहत कुत्तों को पकड़कर सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल केंद्र ले जाया जायेगा. यहां विशेषज्ञों की देखरेख में नसबंदी की जायेगी और रेबीज से बचाव के लिए टीके लगाये जायेंगे. नसबंदी और टीकाकरण के बाद कुत्तों को उसी इलाके में छोड़ा जायेगा, जहां से उन्हें पकड़ा जायेगा. अभियान के पहले चरण में उन इलाकों को प्राथमिकता दी जायेगी, जहां कुत्तों के काटने या उनकी संख्या बढ़ने की सबसे अधिक शिकायतें मिल रही हैं.
