पहले चरण में 644 आवासों में गृह प्रवेश का लक्ष्य
वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
बिरसानगर प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभुकों को जल्द से जल्द उनके आशियाने की चाबी सौंपने की तैयारी तेज हो गयी है. मंगलवार से जमशेदपुर अधिसूचित क्षेत्र समिति (जेएनएसी) कार्यालय में विशेष बिजली कनेक्शन कैंप का शुभारंभ किया गया. जेबीवीएनएल (झारखंड बिजली वितरण निगम लिमिटेड) की ओर से आयोजित इस कैंप का मुख्य उद्देश्य उन लाभुकों को ऑन-द-स्पॉट बिजली मीटर मुहैया कराना है. जिन्होंने अपने आवास की पूरी राशि जमा कर दी है. कैंप तब तक निरंतर जारी रहेगा. जब तक सभी अर्हता प्राप्त लाभुकों के कनेक्शन की प्रक्रिया पूरी नहीं हो जाती. कैंप के पहले दिन जेबीवीएनएल के कार्यपालक अभियंता आनंद कौशिक, जेएनएसी के तकनीकी विशेषज्ञ आलोक नारायण, रितेश राज और स्मिता श्री मुख्य रूप से उपस्थित थे. जुडको द्वारा संचालित इस महत्वाकांक्षी परियोजना के ब्लॉक नंबर 8 और 23 का निर्माण कार्य 95 फीसदी तक पूरा हो चुका है. विभाग का लक्ष्य पहले चरण में इन दोनों ब्लॉकों के 644 लाभुकों का गृह प्रवेश कराना है.
