प्रवेश की तैयारी : जुडको ने बुनियादी सुविधाओं को लेकर कसी कमर
पहले चरण में 644 लाभुकों को मिलेगा आशियानावरीय संवाददाता, जमशेदपुर
बिरसानगर में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के लाभुकों के लिए राहत भरी खबर है. झारखंड अर्बन इंफ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट कंपनी (जुडको) ने आवास स्थल पर मूलभूत सुविधाएं बहाल करने की प्रक्रिया तेज कर दी है. इसी कड़ी में मंगलवार से जमशेदपुर अक्षेस (जेएनएसी) कार्यालय में बिजली कनेक्शन के लिए विशेष कैंप का आयोजन किया जा रहा है. परियोजना के तहत पहले चरण में कुल 644 लाभुकों को गृह प्रवेश कराने का लक्ष्य रखा गया है. अब तक मात्र 80 लाभुकों ने ही बिजली कनेक्शन लिया है. बिजली की सुविधा सुनिश्चित करने के लिए ही अब जेएनएसी कार्यालय में कैंप लगाकर फॉर्म भरवाये जायेंगे. ताकि गृह प्रवेश की प्रक्रिया में तेजी लायी जा सके.डीसी ने सचिव को भेजा पत्र, जल्द होगा निर्णय
आवासों के आवंटन और गृह प्रवेश को लेकर प्रशासनिक स्तर पर भी हलचल तेज हो गयी है. पूर्वी सिंहभूम के डीसी राजीव रंजन की ओर से नगर विकास विभाग के सचिव को पत्र भेजा गया है. सचिव स्तर से आदेश मिलते ही लाभुकों को विधिवत गृह प्रवेश अविलंब करा दिया जायेगा.
