सात माह से चक्कर काट रहे फाइनल सेटलमेंट के लिए ठेका कर्मी
जमशेदपुर.
टाटा मोटर्स कंपनी के वेंडर बीवीजी के बिल भुगतान पर श्रम विभाग ने अगले आदेश तक रोक लगाने का आदेश दिया है. सुनवाई की तिथि में लगातार अनुपस्थित होने पर श्रम अधीक्षक अविनाश ठाकुर ने टाटा मोटर्स कंपनी प्रबंधन को अगले आदेश तक ठेका कंपनी के बिल भुगतान को रोकने का आदेश दिया है.शुक्रवार को बीभीजी के तीन ठेका कर्मचारियों को फाइनल सेटलमेंट को लेकर पूर्व से सुनवाई की तिथि निर्धारित थी, लेकिन कंपनी के प्रतिनिधि बैठक में शामिल नहीं हुए. झारखंड मजदूर यूनियन केंद्रीय उपाध्यक्ष राजेश सामंत ने कहा कि फाइनल सेटलमेंट की राशि की मांग को लेकर पिछले सात महीने से डीएलसी कार्यालय से ठेका कंपनी को समय दिया जा रहा है, लेकिन ठेका कंपनी के प्रतिनिधि उपस्थित नहीं हो रहे हैं. शुक्रवार को भी प्रतिनिधियों के शामिल नहीं होने से सुनवाई नहीं हो सकी. उन्होंने कहा कि अगली तिथि तक न्याय नहीं मिलने पर झारखंड मजदूर यूनियन कंपनी गेट जाम करने के लिए विवश होगी. इस मौके पर झारखंड मजदूर यूनियन केंद्रीय उपाध्यक्ष राजेश सामंत, केंद्रीय सदस्य शिवलाल लोहरा, जिला उपाध्यक्ष पिंकी सिंह, राजेश मुंडा, छोटे सरदार, सुलोचना लोहरा, ठेका मजदूर आदि मौजूद थे.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
