Jamshedpur news.
झारखंड अपने वन्य प्राणियों के लिए जाना जाता है. यहां का राजकीय पशु हाथी है. झारखंड के गठन के 25 साल के बाद अब जाकर राज्य का पहला एलीफेंट रेस्क्यू व केयर सेंटर खुलने जा रहा है. वन विभाग की ओर से इसे तैयार किया गया है, जिसमें जंगली जानवरों के रखरखाव की व्यवस्था काफी बेहतर की गयी है. करीब एक करोड़ की लागत से सात हेक्टेयर में इसे तैयार किया गया है, जो दलमा की तराई में डिमना लेक के पास भादुडीह के पास बनाया गया है. इसका उद्घाटन जल्द हो जायेगा. इस सेंटर में हाथियों की देखभाल के लिए समुचित और आधुनिक व्यवस्थाएं की गयी हैं. यहां उनके लिए पर्याप्त चारा उपलब्ध रहेगा. पानी की निरंतर आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए तालाब और वाटर टैंक बनाये गये हैं. हाथियों के स्नान के लिए विशेष व्यवस्था भी की गयी है. सेंटर में विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम तैनात होगी. डॉक्टर्स हाथियों की नियमित स्वास्थ्य जांच और उपचार करेंगे. इसके अलावा अनुभवी महावतों की भी नियुक्ति की जायेगी. सेंटर में हाथियों के इलाज, देखभाल और पुनर्वास की समुचित व्यवस्था की गयी है. सेंटर को हाथियों के प्राकृतिक आवास के अनुरूप विकसित किया गया है. ———————————कोट –
एलीफेंट केयर सेंटर पूरी तरह तैयार है और इसी माह इसका उद्घाटन किया जायेगा. यहां घायल या भटकने वाले हाथियों के उपचार, पुनर्वास और देखरेख की विश्वस्तरीय व्यवस्था होगी.
– सबा आलम अंसारी, डीएफओ, दलमा——————————–
