जमशेदपुर: इंसानों से आगे बढ़कर पेड़ों से निभाया भाई-बहन का रिश्ता, रक्षाबंधन पर जंगल बचाने का संकल्प

पद्मश्री जमुना टुडू ने साल के पेड़ों को राखी बांधकर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया। उन्होंने कहा कि जंगल है तो हम हैं, जंगलों को बचाना हमारा कर्तव्य है।

चाकुलिया: चाकुलिया प्रखंड के भालुकबिंदा-सुनसुनिया जंगल में गुरुवार को वन प्रबंधन एवं संरक्षण महासमिति की ओर से रक्षाबंधन महोत्सव का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का नेतृत्व पद्मश्री जमुना टुडू ने किया. इस दौरान पेड़ों को भाई मानकर साल वृक्षों की आरती उतारी गयी और उन्हें रक्षा सूत्र बांधकर जंगल संरक्षण का संकल्प लिया गया.

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि थाना प्रभारी राजेश कुमार तथा विशिष्ट अतिथि घाटशिला जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू, सेवानिवृत्त शिक्षिका विजया लक्ष्मी बेदुला और राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त सेवानिवृत्त खेल शिक्षक रामस्वरूप यादव शामिल हुए. अतिथियों का पारंपरिक तरीके से स्वागत किया गया. तिलक लगाकर पुष्पवृष्टि की गयी और साल के पत्तों से बनी टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया.

शंख ध्वनि के बीच अतिथियों ने साल वृक्षों की आरती उतारी और पेड़ों को रक्षा सूत्र बांधा. इसके बाद पौधरोपण भी किया गया. धमसा और मांदर की थाप पर लोगों ने पारंपरिक नृत्य प्रस्तुत किया, जिससे पूरा जंगल परिसर उत्सव के रंग में रंग गया.

जंगल है तो हम हैं : जमुना टुडू

पद्मश्री जमुना टुडू ने कहा कि जंगल का संरक्षण होगा, तभी पशु-पक्षियों और जीव-जंतुओं का भी संरक्षण संभव है. जंगल हमारे जीवन की रक्षा करते हैं, इसलिए इनकी रक्षा करना सभी का दायित्व है. उन्होंने कहा कि वह पेड़ों को भाई के समान मानकर उन्हें रक्षा सूत्र बांधती हैं और उनकी दीर्घायु की कामना करती हैं. जंगल है तो हम हैं.

सामूहिक प्रयास से ही जंगल का संरक्षण

मुख्य अतिथि थाना प्रभारी राजेश कुमार ने कहा कि जंगल झारखंड की पहचान हैं. लोगों को जंगल के प्रति प्रेम रखते हुए इनके संरक्षण के लिए आगे आना चाहिए. उन्होंने हर परिवार से बच्चे के जन्म पर कम से कम एक पौधा लगाने की अपील की. साथ ही लोगों को जंगल के महत्व के प्रति जागरूक करने और पौधरोपण के लिए प्रेरित करने की बात कही. उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास से ही जंगल का संरक्षण संभव है.

जमुना टुडू से प्रेरणा लेने की अपील

जिला परिषद सदस्य देवयानी मुर्मू ने कहा कि जंगलों से छेड़छाड़ के कारण वन्यजीव जंगल से बाहर निकलकर उपद्रव कर रहे हैं. उन्होंने कहा कि पद्मश्री जमुना टुडू ने संघर्ष के बल पर मुकाम हासिल किया है. सभी को उनसे प्रेरणा लेकर जंगल और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभानी चाहिए.

मौके पर घाटशिला रेंजर सह एसीएफ विमद कुमार, एएसआई पीतांबर मंडल, सुमित्रा महतो, मालती टुडू, माधवी महतो, अंजू महतो, सोमवारी मुर्मू, राधिका महतो, चंद्रमोहन मांडी, शंकर सोरेन, निमाई सोरेन, हेमावती महतो, बिंदु महतो, प्रमिला महतो, साधन मल्लिक, महादेव महतो, जमुना गोप, अपु दास, माया टुडू, मालावती टुडू, अंजली हेंब्रम समेत अन्य लोग मौजूद थे.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Prabhat khabar news desk

यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्‍ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >