जमशेदपुर: सोनारी इलाके में सोमवार को चांडिल और बिष्टुपुर पुलिस की संयुक्त टीम एक न्यूज चैनल के कार्यालय पहुंची. टीम ने कार्यालय में घंटों जांच की. पुलिस की यह कार्रवाई कारोबारी निखार सबलोक हत्याकांड की जांच से जुड़ी बतायी जा रही है.
पुलिस टीम ने कार्यालय में मौजूद दस्तावेजों, सामान और अन्य संभावित साक्ष्यों की जांच की. साथ ही यह भी पता लगाने का प्रयास किया गया कि हत्याकांड से जुड़े किसी व्यक्ति का इस कार्यालय से संपर्क या किसी तरह की गतिविधि तो नहीं थी.
निखार सबलोक हत्याकांड से जुड़े हैं छह आरोपी
24 अगस्त 2026 को चांडिल थाना क्षेत्र के टेंथ माइल स्टोन होटल में कारोबारी निखार सबलोक पर गोलीबारी की गयी थी. गंभीर हालत में उन्हें जमशेदपुर के टीएमएच ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गयी थी. इसके बाद पुलिस ने जमीन कारोबार, आपसी रंजिश और आपराधिक गिरोहों से जुड़े एंगल पर जांच शुरू की.
निखार के हत्याकांड में अशोक सिंह राघव मुख्य आरोपी है जिसका इस न्यूज चैनल से खास कनेक्शन है. पुलिस ने उसके मोबाइल से निखार सबलोक की तस्वीर मिलने और एक आरोपी को रुपये ट्रांसफर किये जाने के साक्ष्य मिलने की बात कही है. इस मामले में राघव समेत छह आरोपियों की गिरफ्तारी की जानकारी पुलिस ने दी है.
कार्यालय से क्या मिला, आधिकारिक जानकारी का इंतजार
सोनारी स्थित कार्यालय में हुई जांच के दौरान पुलिस ने दस्तावेजों और अन्य संभावित साक्ष्यों की पड़ताल की. हालांकि, टीम को जांच के दौरान क्या मिला या क्या बरामद हुआ, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आयी है. पुलिस हत्याकांड से जुड़े संपर्क और गतिविधियों की कड़ी खंगाल रही है.
