जमशेदपुर. मोरक्को के स्टार फुटबॉलर अहमद जौह जमशेदपुर फुटबॉल क्लब के संपर्क में है. जमशेदपुर की टीम आने वाली सीजन में इस 31 वर्षीय खिलाड़ी को साइन कर सकती है. फिलहाल जेएफसी टीम प्रबंधन इस खिलाड़ी के साथ लगातार बात कर रही है. अमहद ने 2023-24 सीजन में ओडिशा की ओर से खेला था. इस डिफेंसिव मिडफील्डर ने इंडियन सुपर लीग में अपने करियर की शुरुआत 2017-18 सीजन से गोवा के साथ किया था. मुंबई सिटी एफसी में रहते हुए अहमद जौह ने सबसे ज्यादा शोहरत बटोरी. उन्होंने मुंबई के लिए तीन सीजनों में कुल 56 मैच खेले और पांच गोल भी किये. फीफा विश्वकप में खेलने वाली मोरक्को टीम के लिए भी अहमद नौ मैच खेल चुके है. अहमद जौह ने 2012-16 तक इंटरनेशनल टूर्नामेंटों में मोरक्को का प्रतिनिधित्व किया है. इसके अलावा जेएफसी की टीम ने स्थानीय खिलाड़ी समीर मुर्मू से भी करार कर लिया है. इसकी घोषणा टीम प्रबंधन जल्द करेगी. इस वर्ष जेएफसी की टीम प्री-सीजन की शुरुआत डुरंड कप से करेगी. अगले सप्ताह खालिद जमील को दोबारा जेएफसी का नया कोच नियुक्त किया जायेगा.
डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
