jamshedpur news : ट्रेनों की लेटलतीफी पर आगे आएं सभी राजनीतिक दल : सरयू राय

भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी से बात की

jamshedpur news : टाटानगर स्टेशन पर ट्रेनों की लेटलतीफी को लेकर सभी राजनीतिक दलों से आगे आने का आह्वान किया गया है. इस मसले पर विधायक सरयू राय ने भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू और विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी से बात की है. साथ ही इस आंदोलन में भाजपा समेत तमाम राजनीतिक दलों को भी साथ आने की अपील करते हुए मंगलवार को लाइव वीडियो जारी की. उन्होंने ट्रेनों की पंक्चुअलिटी 65 से 70 प्रतिशत तक पहुंचने को लेकर दिये गये बयान पर चक्रधरपुर रेल मंडल के सीनियर डीसीएम को भी आड़े हाथों लिया है. उन्होंने रेल यात्री संघर्ष समिति के संयोजक शिवशंकर सिंह के साथ सोशल मीडिया पर लाइव बातचीत में कहा कि सीनियर डीसीएम प्रतिशत कब से ले रहे हैं. इसकी गणना उन्होंने कैसे की और एक भी ट्रेन का नाम उन्होंने क्यों नहीं बताया? हमलोगों की सिर्फ एक ही मांग है कि टाटानगर स्टेशन पर ट्रेनें समय से आएं और चलें. चांडिल, कांड्रा, राखामाइंस तक जब यात्री ट्रेनें समय से पहुंच जाती हैं, तो उसे टाटानगर पहुंचने में तीन-साढ़े तीन घंटे क्यों लगते हैं? टाटानगर के लोगों के लिए कोलकाता जाने के लिए स्टील और इस्पात, दो ही गाड़ियां हैं. किसी को पता नहीं होता कि ये दोनों गाड़ियां टाटानगर कब पहुंचेंगी. यही हाल जनशताब्दी का है. वह इतनी लेट हो जाती है कि पैसेंजर उसे बीच में ही छोड़ देते हैं. बादामपहाड़ या अन्य स्थान पर चलने वाली ट्रेनों, मेमू आदि के बारे में सीनियर डीसीएम या डीआरएम चर्चा ही नहीं करते. ये ट्रेनें स्थानीय लोगों के जीवन से जुड़ी हैं. उन्होंने कहा कि यह मामला सिर्फ जमशेदपुर का नहीं है. यह पूरे इलाके का मामला है. इसमें दलीय प्रतिबद्धता से ऊपर उठकर जनहित के बारे में सोचने की जरूरत है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

AKHILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >