jamshedpur news : मोहरदा पीएम आवास योजना में देरी पर भड़के सरयू राय, सीएजी जांच की चेतावनी

विधायक ने लाभुकों की शिकायत पर तैयार मकानों का किया निरीक्षण, कहा-मकानों की चाबी देने की प्रक्रिया को जल्द पूरा कराये सरकार

jamshedpur news : जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने मोहरदा में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बन रहे मकानों में देरी और तैयार घरों की चाबी लाभुकों को न सौंपे जाने पर नाराजगी जतायी है. उन्होंने कहा कि इस मामले में वे सीएजी को पत्र लिखकर जुडको के खिलाफ जांच की मांग करेंगे. लाभुकों की शिकायत पर मंगलवार को आवास योजना के निरीक्षण के दौरान राय ने कहा कि जिन लाभुकों ने भुगतान कर दिया है, उन्हें तुरंत मकान की चाबी दी जानी चाहिए. जिन लोगों ने बिजली का पैसा जमा कर दिया है, वे इंतजार नहीं करेंगे. देरी होने पर लोग खुद घरों में प्रवेश कर सकते हैं. उन्होंने जुडको पर सरकार की योजना को विलंब और लोगों को परेशान करने का आरोप लगाया. राय ने बताया कि अब तक केवल दो ब्लॉक ही तैयार हुए हैं, जिनमें 80 लोगों ने बिजली का कनेक्शन ले लिया है. अब सिर्फ मीटर लगाना शेष है. वहीं, सात ब्लॉक झंझट में हैं. शेष 22-23 ब्लाॅक में निर्माण अधूरा है. लाभुक आर्थिक रूप से कमजोर हैं और किसी तरीके से अपना पेट काट कर पैसे जमा किये. कई लोगों ने बैंक से कर्ज लिया है. ऐसे में इन्हें किराया व इएमआइ दोनों का बोझ उठाना पड़ रहा है. बिजली विभाग के आला अधिकारी ने उनसे कहा कि जुस्को या जेएनएसी तैयार हो जाए, तो मिनटों में कनेक्शन मिल जायेगा. डीएमसी ने उन्हें बताया कि सचिव को उन्होंने पत्र लिखकर पूछा है कि हमलोग ये काम कब से शुरू करें. राय ने बताया कि उन्होंने सचिव से भी बात की. सचिव भ्रम में हैं और उनसे दो दिन का वक्त मांगा है. उन्होंने कहा कि संभव है कि मुख्यमंत्री या कोई मंत्री आकर इसका उद्घाटन करें, इसलिए देरी की जा रही है. उन्होंने सरकार से जल्द समाधान निकालने और जरूरत पड़ने पर उद्घाटन ऑनलाइन करने की बात कही, ताकि लोगों को और इंतजार न करना पड़े.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By AKHILESH KUMAR

AKHILESH KUMAR is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >