Jamshedpur News : मंत्री रामदास सोरेन का आज होगा एपनिया टेस्ट, रिपोर्ट देखकर डॉक्टर लेंगे ऑपरेशन का फैसला

Jamshedpur News : झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत फिलहाल बेहद गंभीर है. सोमवार का दिन मंत्री रामदास सोरेन व झारखंडियों के लिए काफी अहम होगा.

अपोलो अस्पताल में कुणाल के साथ मौजूद हैं परिवार के सदस्य, स्वास्थ्य मंत्री ने भी दिल्ली पहुंच कर जाना हाल

Jamshedpur News :

झारखंड के शिक्षा मंत्री रामदास सोरेन की हालत फिलहाल बेहद गंभीर है. सोमवार का दिन मंत्री रामदास सोरेन व झारखंडियों के लिए काफी अहम होगा. डॉक्टरों की टीम ने तय किया है कि सोमवार को मंत्री रामदास सोरेन का एपनिया टेस्ट किया जायेगा, जिसके बाद वे यह तय कर पायेंगे कि आगे ऑपरेशन करना है या नहीं. दिल्ली के इंद्रप्रस्थ अपोलो अस्पताल में उन्हें जीवन रक्षक प्रणाली (लाइफ सपोर्ट) पर रखा गया है. अस्पताल के सूत्रों के अनुसार, शनिवार से ही लगातार रामदास सोरेन वेंटिलेटर पर हैं. न्यूरो के प्रमुख डॉ सुधीर त्यागी और सीनियर स्पेशलिस्टों की एक टीम उनकी हर स्थिति पर लगातार नजर बनाये हुए है. मंत्री रामदास सोरेन के शरीर में किसी तरह की हलचल रविवार को नहीं देखी गयी. प्रारंभिक जांच में भी उनके मस्तिष्क में रक्त के थक्के (ब्लड क्लॉटिंग) की पुष्टि हुई थी. डॉक्टरों ने बताया था कि ब्लड क्लॉटिंग के कारण मस्तिष्क के हिस्से को बड़ा नुकसान पहुंचा है.

मंत्री रामदास सोरेन शनिवार को घोड़ाबांधा स्थित अपने आवास के बाथरूम में सुबह के वक्त बेसुध हो गये थे. पत्नी व बच्चों ने उन्हें वहां से निकाला और उन्हें टाटा मोटर्स अस्पताल पहुंचाया. इसके बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर दिल्ली ले जाया गया था. रामदास सोरेन के साथ गये झामुमो के केंद्रीय प्रवक्ता सह पूर्व विधायक कुणाल षाड़ंगी ने बताया कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शनिवार की देर रात तक अस्पताल में थे. उन्होंने डॉक्टरों से बात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली. रविवार को स्वास्थ्य मंत्री डॉ इरफान अंसारी समेत अन्य कई नेता अपोलो अस्पताल पहुंचे और रामदास के स्वास्थ्य की जानकारी ली. दिल्ली में मंत्री रामदास सोरेन के साथ उनके पुत्र रोबिन सोरेन, रूपेश सोरेन व परिवार के कई अन्य सदस्य मौजूद हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >