जमशेदपुर : एमजीएम अस्पताल के शिशु रोग विभाग में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने की दिशा में अहम प्रगति हुई है. विभाग में दो नये वरिष्ठ चिकित्सकों ने अपना पदभार ग्रहण कर लिया है. इसमें पलामू मेडिकल कॉलेज से स्थानांतरित होकर आयी एसोसिएट प्रोफेसर डॉ विनिता नैंसी खलखो और अनुबंध पर नियुक्त प्रोफेसर डॉ रवींद्र कुमार का विभाग में आधिकारिक तौर पर स्वागत किया गया. विभागाध्यक्ष डॉ. केके चौधरी ने कहा - विभाग में दो नये विशेषज्ञ मिलने से एक ओर जहां डॉक्टरों की कमी दूर होगी, वहीं यहां इलाज कराने आने वाले नवजातों व गंभीर बीमारियों से पीड़ित बच्चों का बेहतर इलाज हो सकेगा.
एमजीएम की व्यवस्था सुधारने को लेकर प्राचार्य-अधीक्षक ने की बैठक
एमजीएम अस्पताल में मरीजों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और अस्पताल की व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने को लेकर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. संजय कुमार और अधीक्षक डॉ. बलराम झा ने सभी विभागाध्यक्षों के साथ बैठक की. इसमें अस्पताल के संचालन में आ रही परेशानियों, उन्हें दूर करने के उपाय और आवश्यक संसाधनों की उपलब्धता पर चर्चा की गयी. मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस और पीजी की सीटें बढ़ने पर उत्पन्न होने वाली संभावित समस्याओं को लेकर भी विचार-विमर्श किया गया. आवश्यकताओं की रिपोर्ट तैयार कर स्वास्थ्य विभाग को भेजने पर सहमति बनी.
एलएमओ के जरिये ऑक्सीजन आपूर्ति की निगरानी पर दिया जोर
ज्ञात हो कि गुरुवार को अपर स्वास्थ्य सचिव अजय कुमार सिंह ने ऑनलाइन समीक्षा के दौरान अस्पताल और मेडिकल कॉलेज की व्यवस्थाओं की जानकारी ली थी. उन्होंने डॉक्टरों, विशेषज्ञ चिकित्सकों और जांच उपकरणों की जरूरत का विस्तृत प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया था. बैठक में 100 प्रतिशत ई-रजिस्ट्रेशन, आइसीयू के बेहतर संचालन, ब्लड बैंक की व्यवस्था तथा वार्डों में एलएमओ के जरिये ऑक्सीजन आपूर्ति की नियमित निगरानी पर भी विशेष जोर देने को कहा था.
