मानगो नगर निगम के बजट का हुआ खुलासा, जानिए आपकी जिंदगी में आएगा क्या बदलाव

मानगो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 100.97 करोड़ रुपये का बजट पेश किया है. इस बजट में सड़क, नाली, पेयजल और सफाई को प्राथमिकता दी गई है. जानिए यह बजट आपकी जिंदगी को कैसे बेहतर बनाएगा.

मानगो के लोगों के लिए राहत की खबर है. बरसात में जलजमाव, खराब सड़क और गर्मी में पानी की परेशानी जैसी पुरानी समस्याओं से निपटने के लिए मानगो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 का बजट तैयार किया है. इस बार नगर निगम ने 100.97 करोड़ रुपये का बजट बनाया है. बजट में सड़क, नाली, पेयजल और सफाई व्यवस्था को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गयी है.

इस बजट में 60 प्रतिशत से ज्यादा राशि विकास कार्यों पर खर्च करने का प्रावधान किया गया है. यानी मानगो के लोगों को सड़क, पानी, नाली और सफाई जैसी सुविधाओं में सुधार की उम्मीद है.

बजट की 4 बड़ी बातें

100.97 करोड़ रुपये का कुल बजट

मानगो नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए कुल 100.97 करोड़ रुपये का बजट तैयार किया है. पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस बार बजट का आकार बढ़ा है.

61.05 करोड़ रुपये विकास कार्यों पर खर्च होंगे

बजट में सबसे बड़ा हिस्सा विकास कार्यों के लिए रखा गया है. सड़क, नाली, पेयजल और अन्य बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए 61.05 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे.

25.24 करोड़ रुपये गरीब और बस्ती क्षेत्रों के विकास के लिए

मानगो के गरीब और बस्ती इलाकों में सुविधाएं बढ़ाने के लिए 25.24 करोड़ रुपये की राशि आरक्षित की गयी है. इससे इन क्षेत्रों में सड़क, पानी, सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं को बेहतर करने की योजना है.

16 करोड़ रुपये सफाई और कचरा प्रबंधन पर खर्च होंगे

शहर की सफाई व्यवस्था, डोर-टू-डोर कचरा उठाव और ठोस कचरा प्रबंधन को बेहतर बनाने के लिए 16 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है.

आपकी जिंदगी में क्या बदलेगा

टूटी सड़कों से मिलेगी राहत

मानगो की खराब सड़कों और गलियों को सुधारने के लिए बजट में बड़ा प्रावधान किया गया है. नयी सड़कों के निर्माण और मरम्मत के लिए 12.50 करोड़ रुपये रखे गये हैं. इसके अलावा पहले से चल रही बड़ी योजनाओं के लिए 28 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इससे मुख्य सड़कों के साथ मोहल्लों और वार्ड की अंदरूनी गलियों की स्थिति सुधरने की उम्मीद है.

बारिश में जलजमाव की परेशानी होगी कम

बरसात के दिनों में जलजमाव मानगो की बड़ी समस्या रही है. इससे निपटने के लिए नाली और ड्रेनेज सिस्टम को मजबूत करने पर 5 करोड़ रुपये खर्च किये जायेंगे. नये पक्के नाले बनाये जायेंगे और पुराने नालों की सफाई व मरम्मत की जायेगी, जिससे बारिश का पानी जल्दी निकल सकेगा.

गर्मी में पानी की किल्लत से मिलेगी राहत

गर्मी के दिनों में पीने के पानी की समस्या को देखते हुए पेयजल व्यवस्था और पाइपलाइन सुधार पर 7.65 करोड़ रुपये खर्च करने की योजना है. जिन मोहल्लों में पानी की परेशानी है, वहां नयी पाइपलाइन बिछाने और पुरानी व्यवस्था को बेहतर करने का काम किया जायेगा, ताकि लोगों के घरों तक साफ पानी पहुंच सके.

रोज उठेगा कचरा, अंधेरी गलियों में जलेगी लाइट

सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए 11 करोड़ रुपये और कचरा प्रबंधन के लिए 5 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है. इससे डोर-टू-डोर कचरा उठाव व्यवस्था को मजबूत किया जायेगा. वहीं, अंधेरी गलियों को रोशन करने के लिए 1.25 करोड़ रुपये से नयी एलईडी लाइटें लगायी जायेंगी.

बजट में पैसा कहां से आयेगा

मानगो नगर निगम को 16वें वित्त आयोग से 27 करोड़ रुपये, 15वें वित्त आयोग और स्वास्थ्य अनुदान से 11.10 करोड़ रुपये मिलने का अनुमान है.

इसके अलावा होल्डिंग टैक्स से 15.71 करोड़ रुपये, गरीबी उन्मूलन राज्य अनुदान से 13.50 करोड़ रुपये, पानी कर, लाइसेंस फीस और यूजर चार्ज से 6.54 करोड़ रुपये तथा अन्य सरकारी अनुदान और योजना फंड से 15.59 करोड़ रुपये की आय का अनुमान लगाया गया है.

आय से ज्यादा खर्च, 2.85 करोड़ रुपये का अंतर

नगर निगम की अनुमानित आय 98.12 करोड़ रुपये है, जबकि कुल खर्च 100.97 करोड़ रुपये प्रस्तावित है. ऐसे में बजट में 2.85 करोड़ रुपये का अंतर है.

नगर निगम इस अंतर को पूरा करने के लिए होल्डिंग टैक्स का दायरा बढ़ाने, यूजर चार्ज की बेहतर वसूली और राज्य सरकार से मिलने वाले अतिरिक्त अनुदान पर निर्भर रहेगा.


प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है।

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >