वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
मानगो में 4 अगस्त को अतिक्रमण हटाओ अभियान चलाया जायेगा. यह कार्रवाई वार्ड संख्या 8 और 10 में सरकारी जमीन पर किये गये अवैध कब्जे के खिलाफ की जायेगी. इसके लिए आदेश जारी कर दिया गया है. मानगो अंचल में जेपीएलइ वादों से जुड़े 0.17 एकड़ (करीब 7,400 वर्ग फीट से अधिक) जमीन को अतिक्रमणमुक्त कराया जायेगा.
16 अतिक्रमण मामलों पर होगी कार्रवाई
इस कार्रवाई में कुल 16 अतिक्रमण मामलों को शामिल किया गया है. धालभूम एसडीओ के आदेश पर अतिक्रमण हटाने के दौरान शांति और कानून-व्यवस्था बनाये रखने के लिए अधिकारियों की तैनाती की गयी है. मानगो के अंचल अधिकारी ब्रजेश कुमार श्रीवास्तव को वरीय दंडाधिकारी बनाया गया है. उनके सहयोग के लिए राजस्व उप निरीक्षक गौतम प्रधान और प्रदीप कुमार (मानगो अंचल) को तैनात किया गया है.
किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस अधिकारियों, सशस्त्र बल, लाठी बल और महिला आरक्षी बल की तैनाती की गयी है. मानगो थाना प्रभारी को भी खुद स्थल पर मौजूद रहने का निर्देश दिया गया है. इससे पहले सभी अतिक्रमणकारियों को नोटिस देकर जमीन खाली करने को कहा गया था.
अतिक्रमणकारियों की सूची में भालू यादव, महेंद्र यादव, रमेश प्रसाद, सुरेंद्र यादव, शंकर यादव, मनोज गौड़, राजू राय, नवीन रूहीदास, ललन यादव, अखई कैवर्त्त, जेएल शर्मा, साई सूरज आश्रम, मनोहर कैवर्त्त, गनौरी वर्मा, हरि भुइयां और रिंकू दास शामिल हैं.
