पटमदा: पटमदा के बेलटांड़ मोड़ पर रविवार रात करीब नौ बजे किराया मांगने पर मैजिक वाहन चालक की सात युवकों ने मारपीट कर लहूलुहान कर दिया. मारपीट में चालक गंभीर रूप से घायल हो गया. आरोप है कि युवकों ने उसके रुपये और जरूरी दस्तावेज भी छीन लिए. मामले में बिड़रा निवासी साधन कैबर्त (48) ने मंगलवार को पटमदा थाना में लिखित शिकायत की. पुलिस ने कांड संख्या 16/26 के तहत पांच नामजद समेत सात आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
साधन कैबर्त ने पुलिस को बताया कि वह मैजिक वाहन चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. रविवार रात करीब नौ बजे वह टाटा से यात्रियों को लेकर घर लौट रहे थे. बेलटांड़ मोड़ पर दो यात्रियों को उतारने के बाद उन्होंने निर्धारित किराया मांगा. आरोप है कि यात्रियों में से एक ने किराया देने से इनकार करते हुए उन्हें धमकी दी और फोन कर अपने साथियों को बुला लिया.
लात-घूंसों से पीटकर किया घायल
कुछ ही देर में लावा (बेलटांड़) निवासी सूरज सिंह, महेश दास, मनोज दास, सोमनाथ मोदक, सोनू प्रमाणिक समेत दो अन्य युवक मौके पर पहुंचे और साधन के साथ मारपीट शुरू कर दी. युवकों ने लात-घूंसों से साधन की जमकर पिटाई की.
मारपीट में उनकी नाक और मुंह से खून निकलने लगा और वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. साधन ने बताया कि किसी तरह मौके से जान बचाकर निकलने के बाद उन्होंने रांगाटांड़ के पास वाहन खड़ा किया और परिजनों को फोन कर घटना की जानकारी दी. इसके बाद वह बेहोश हो गये.
परिजन उन्हें इलाज के लिए माचा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गये. यहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल रेफर कर दिया. इलाज कराने के बाद मंगलवार को साधन कैबर्त पटमदा थाना पहुंचे और लिखित शिकायत दर्ज करायी.
आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी
पटमदा थाना प्रभारी विष्णु चरण भोक्ता ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस मामले की जांच कर रही है. आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की ओर से संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है. जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जायेगा.
