जमशेदपुर : जमशेदपुर के सिदगोड़ा स्थित अंग्रेजी शराब दुकान में चोरी की बड़ी वारदात सामने आई है. 15 अगस्त को दुकान बंद होने का फायदा उठाकर चोरों ने पीछे का टिन काट दिया और दुकान के अंदर घुस गए. चोर नकद और लाखों रुपये की शराब के साथ-साथ सीसीटीवी का डीवीआर भी अपने साथ ले गए. घटना का खुलासा तब हुआ, जब कर्मचारी अगले दिन दुकान खोलने पहुंचे.
स्वतंत्रता दिवस पर बंद थी दुकान, चोरों ने उठाया फायदा
घटना जाहेरटोला स्थित अंग्रेजी शराब दुकान की है. दुकान के मैनेजर अरविंद सिंह ने बताया कि 14 अगस्त की रात दुकान बंद करने के बाद सभी कर्मचारी घर चले गए थे. 15 अगस्त को दुकान बंद थी. इसी दौरान चोरों ने वारदात को अंजाम दिया. 16 अगस्त की सुबह जब कर्मचारी दुकान खोलने पहुंचे तो पीछे की ओर लगा टिन कटा हुआ मिला. अंदर जाकर देखा तो कैश काउंटर टूटा हुआ था. जांच करने पर पता चला कि दुकान से नकदी और शराब की कई पेटियां गायब हैं.
70 हजार रुपये नकद और लाखों की शराब चोरी
प्राथमिक जांच में करीब 70 हजार रुपये नकद चोरी होने की जानकारी सामने आई है. वहीं, शराब की कई पेटियां भी गायब मिली हैं. हालांकि, अभी स्टॉक का मिलान किया जा रहा है. इसके बाद ही चोरी हुई शराब की सही कीमत का पता चल सकेगा. चोर सिर्फ नकदी और शराब ही नहीं ले गए, बल्कि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों का डीवीआर भी अपने साथ ले गए. इससे साफ है कि चोर वारदात के बाद सबूत मिटाने की कोशिश में थे. घटना की सूचना मिलने के बाद सिदगोड़ा पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस आसपास के इलाकों में भी छानबीन कर रही है. फिलहाल, मामले की जांच जारी है.
