Jamshedpur news.
बागबेड़ा से बड़ौदा घाट जाने वाली जर्जर पुलिया के निर्माण कार्य का शिलान्यास सांसद विद्युत वरण महतो और पोटका विधायक संजीव सरदार ने शिलापट्ट का अनावरण व नारियल फोड़कर किया. लगभग चार करोड़ रुपये की लागत से बनने वाली बॉक्स ब्रिज पुलिया को 18 महीने में पूरा किया जायेगा. इस पुलिया का पहले भी शिलान्यास हो चुका था, लेकिन रेलवे द्वारा एनओसी नहीं मिलने के कारण इसका निर्माण कार्य रुक गया था.सांसद विद्युत वरण महतो ने बताया कि स्टेशन से बड़ौदा घाट सड़क निर्माण के दौरान ही पुलिया का निर्माण होना था, परंतु रेलवे की मंजूरी न मिलने के कारण यह रुका रहा. अब रेलवे से अनुमति मिलने के बाद पुलिया का निर्माण कार्य शुरू किया जा रहा है, जिससे क्षेत्र के लोगों को राहत मिलेगी. वहीं विधायक संजीव सरदार ने कहा कि लंबे समय से पुलिया की जर्जर स्थिति के कारण लोगों को परेशानी हो रही थी, विशेषकर छठ पर्व और बारिश के दौरान बाढ़ का पानी पुलिया के ऊपर से गुजरने के कारण आवागमन पूरी तरह बाधित हो जाता था. अब इस पुलिया के निर्माण से लोगों की लंबे समय से चली आ रही मांग पूरी होगी. शिलान्यास कार्यक्रम के दौरान भाजपा और अन्य दलों के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नारेबाजी हुई. कार्यक्रम में भाजपा मंडल अध्यक्ष अश्वनी तिवारी, अमर सिंह, सुबोध झा, गोपाल ओझा, विजय सिंह, गोपाल गुप्ता, राजकमल यादव, जिला परिषद कविता परमार, पूर्व जिला परिषद किशोर यादव, सुनील गुप्ता, प्रखंड अध्यक्ष बहादुर किस्कू, मनोज नाहा समेत अन्य मौजूद थे.डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है
