Jamshedpur News : जमीन का मुआवजा मिला नहीं और शुरू कर दिया सड़क चौड़ीकरण, रैयतों ने डीसी ऑफिस पर किया प्रदर्शन
Jamshedpur News : पूर्वी सिंहभूम के नक्सल प्रभावित डुमरिया-नरसिंहबहाल पथ के चौड़ीकरण में जमीन के बदले मुआवजा नहीं मिलने से नाराज रैयतों का धैर्य जवाब दे गया.
मुआवजा भुगतान होने तक सड़क की चौड़ीकरण का काम स्थगित रखने की मांग की
डीसी ने जल्द उचित कदम उठाने का दिया आश्वासन
Jamshedpur News :
पूर्वी सिंहभूम के नक्सल प्रभावित डुमरिया-नरसिंहबहाल पथ के चौड़ीकरण में जमीन के बदले मुआवजा नहीं मिलने से नाराज रैयतों का धैर्य जवाब दे गया. गुरुवार को तीन ग्राम प्रधानों के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने डीसी कार्यालय पर जोरदार प्रदर्शन किया. रैयतों ने दो टूक कहा कि जब तक उचित मुआवजा नहीं मिल जाता, तब तक सड़क चौड़ीकरण का काम स्थगित रखा जाये. डीसी ने ग्रामीणों की शिकायतों को गंभीरता से सुना और नियमानुसार उचित कार्रवाई व मुआवजा भुगतान का आश्वासन दिया. रैयतों ने पोटका विधायक संजीव सरदार को भी ज्ञापन सौंपकर मामले में हस्तक्षेप करने का अनुरोध किया है.
10 साल बाद भी अधूरी है भू-अर्जन की प्रक्रिया
डीसी राजीव रंजन को सौंपे गये ज्ञापन में रैयतों ने बताया कि नक्सल प्रभावित डुमरिया के भगाबंदी से बेसारपहाड़ी, सालगाडीह, दामूकोचा होते हुए ओडिशा सीमा तक रोड के चौड़ीकरण और मजबूतीकरण का कार्य स्वीकृत है. इसी तरह पोटका कोवाली से डुमरिया तक सड़क चौड़ीकरण योजना में ग्रामीणों का आरोप है कि इस परियोजना के तहत एक पथ का कार्य पूर्ण हुए लगभग 10 वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक भू-अर्जन की प्रक्रिया ही पूरी नहीं हुई है. कुछ जमीनों का अधिग्रहण हुआ भी है, तो मुआवजा लटका हुआ है, जबकि एक अन्य पथ पर तो प्रक्रिया ही शुरू नहीं की गयी. पोटका के कुल चार सड़कों का मुआवजा रैयतों को नहीं मिला है. डीसी से मिलने वाले प्रतिनिधिमंडल में माझी बाबा जयपाल सिंह मुर्मू, माझी बाबा लक्ष्मण हांसदा और माझी बाबा गोलू मुर्मू समेत दर्जनों प्रभावित रैयत शामिल थे.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.