जमशेदपुर. कोल्हान विश्वविद्यालय ने पीजी सत्र 2025-27 (सेमेस्टर-1) में आवेदन और नामांकन की तिथि बढ़ा दी है. अब छात्र चांसलर पोर्टल के माध्यम से 20 जुलाई की शाम 5 बजे तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे. पहले 11 जुलाई तक ही आवेदन की तिथि थी. विश्वविद्यालय के डीन (अकादमिक) कार्यालय द्वारा जारी संशोधित शेड्यूल के अनुसार, ऑनलाइन भुगतान से जुड़ी आपत्तियों का निपटारा 21 जुलाई को होगा. इसके बाद 22 जुलाई को मेधा सूची जारी की जायेगी.
मेधा सूची में चयनित विद्यार्थियों का नामांकन अब 23 जुलाई से 4 अगस्त तक होगा, जबकि नया सत्र 5 अगस्त से शुरू हो जायेगा. आवेदन शुल्क एसटी-एससी के लिए 150 रुपये और जेनरल-ओबीसी के लिए 200 रु निर्धारित है. स्नातक या एफवाइयूजीपी छठे सेमेस्टर उत्तीर्ण छात्र आवेदन के योग्य हैं. विवि ने सभी आवेदकों को डिजिलॉकर के जरिये अनिवार्य रूप से अपार आइडी बनाकर चांसलर पोर्टल से लिंक करने का निर्देश दिया है. कॉलेजों को हेल्प डेस्क बनाने और आरक्षण नियमों का पालन करने को कहा गया है.
