हत्यारों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गोलमुरी में चार घंटा सड़क जाम रखा
अन्य अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की छापेमारी जारी
पत्नी कुसुम देवी के बयान पर बिल्ला पाठक, सुमित सिंह व अन्य के खिलाफ केस दर्ज
प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला ने फेसबुक लाइव कर खुद को निर्दोष बताया
Jamshedpur News :
नामदा बस्ती निवासी फल कारोबारी कन्हैया यादव की गोली मार कर हत्या करने के मुख्य आरोपी सुमित सिंह और उसके सहयोगी काे पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया. पुलिस ने सुमित के पास से हत्या में प्रयुक्त हथियार भी बरामद किया है. पुलिस को सुमित व उसके सहयोगी से हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधियों की भी जानकारी मिली है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, हत्याकांड में शामिल अन्य अपराधी शहर के आस-पास के जिले में छिपे हैं. पुलिस को उनके बारे में सूचना मिली है, जिसके बाद टीम बना कर छापेमारी की जा रही है. दूसरी ओर, कन्हैया यादव की पत्नी कुसुम देवी के बयान पर प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला पाठक, राहुल पाठक, सूरज झा, सुमित सिंह, अनुराग मिश्रा व अन्य के खिलाफ गोलमुरी थाना में केस दर्ज किया गया है. वहीं, हत्याकांड में नाम सामने आने के बाद प्रदीप पाठक उर्फ बिल्ला ने फेसबुक लाइव कर खुद को निर्दोष बताया है.कन्हैया यादव की हत्या से गुस्साये परिजन और स्थानीय लोग गुरुवार को सड़क पर उतर आये. अपराधियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर टिनप्लेट काली मंदिर गोलचक्कर के पास सड़क जाम कर दिया. सड़क पर टायर जलाकर टेल्को, बारीडीह और नामदा बस्ती की ओर जाने वाली सड़कों पर आवाजाही रोक दी. इस दौरान कन्हैया यादव की दोनों बेटियां, परिवार की अन्य महिलाएं, बच्चे व परिजन और बस्तीवासी सड़क पर बैठ कर प्रदर्शन करने लगे. कन्हैया यादव की बेटी ने गोलमुरी थाना प्रभारी पर बिल्ला पाठक से मिलीभगत का आरोप लगाया. बोली- पिता (कन्हैया यादव) ने गोलमुरी थाना में सूचना दी थी कि उनकी रेकी की जा रही है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गयी. उसने पुलिस की मिलीभगत से थाना के गेट के पास हत्या किये जाने का आरोप लगायी. बहनों ने आशंका व्यक्त की कि कल उनके भाइयों को भी गोली मार दी जाये. करीब चार घंटे के बाद अपराह्न करीब 3:30 बजे जाम समाप्त हुआ.
