वरीय संवाददाता, जमशेदपुर
झामुमो का प्रतिनिधिमंडल महिला नेत्री बाल्ही मार्डी के नेतृत्व में मानगो स्थित एमजीएम अस्पताल पहुंचा. यहां उन्होंने पोटका से आए गंभीर मलेरिया मरीजों का हाल जाना. इसके बाद उन्होंने अस्पताल अधीक्षक डॉ. बलराम झा से मुलाकात कर सभी मरीजों का सही इलाज कराने और मुफ्त दवाएं उपलब्ध कराने का निवेदन किया.
अस्पताल का निरीक्षण करने के दौरान बाल्ही मार्डी ने परिसर में गंदगी देखकर कड़ी नाराजगी जताई. उन्होंने कहा कि सफाई में लापरवाही बरतने वाले ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई के लिए उपायुक्त और संबंधित मंत्री से बात की जाएगी. निरीक्षण के दौरान उन्होंने यह भी पाया कि मुख्यमंत्री दाल-भात योजना केंद्र पर सरकारी बैनर नहीं लगा था. उन्होंने कहा कि इसकी शिकायत संबंधित अधिकारियों से की जाएगी.
महिला होमगार्ड से भी की मुलाकात
अस्पताल में बाल्ही मार्डी ने वेतन नहीं मिलने पर आत्महत्या की चेतावनी देने वाली महिला होमगार्ड फुलकुमारी हेम्ब्रम से भी मुलाकात की. उन्होंने फुलकुमारी हेम्ब्रम से ऐसा आत्मघाती कदम नहीं उठाने की अपील की. इस दौरान उन्होंने कहा कि केंद्र पर राज्य का 1.36 लाख करोड़ रुपये बकाया है. इसके बावजूद सरकार काम कर रही है और विपक्ष उसे बदनाम कर रहा है.
इस मौके पर उज्ज्वल दास, संगीत सोरेन, रूपा हो, मकसूद अंसारी, सूरज गोंड, महेश कुजूर, दिलीप पॉल, अनिल मुर्मू और रहीम अंसारी भी मौजूद थे
