जमशेदपुर | टाटा ग्रुप द्वारा जमशेदपुर फुटबॉल क्लब (जेएफसी) को बंद किए जाने के फैसले के विरोध में रविवार को क्लब के प्रशंसकों द्वारा एक शांतिपूर्ण विरोध मार्च निकाला जायेगा. शाम चार बजे साकची गोलचक्कर से शुरू होकर यह मार्च टाटा स्टील कॉरपोरेट कम्युनिकेशन कार्यालय के समक्ष समाप्त होगा. इसमें जेएफसी के लगभग 10 प्रशंसक समूहों के सदस्य भाग लेंगे. इसके अतिरिक्त, क्लब के सबसे बड़े आदिवासी प्रशंसक समूह ट्राइबल टेल्स के सदस्य भी पूरे झारखंड से जुट रहे हैं.
सम्मान की लड़ाई: डूरंड कप जीतने के लिए जी-जान से जुटे खिलाड़ी
क्लब बंद होने की घोषणा के बावजूद जेएफसी के खिलाड़ी कैजाद अंबापार्दिवाला के मार्गदर्शन में डूरंड कप जीतने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं. टीम का मुख्य ध्यान 13 अगस्त को रांची में एयरफोर्स के खिलाफ होने वाले मुकाबले पर है, जिसे जीतकर वे क्वार्टर फाइनल में जगह बनाना चाहते हैं. टीम के मुख्य खिलाड़ी प्रतीक चौधरी ने कहा कि हम अपने सम्मान की लड़ाई लड़ रहे हैं और हर हाल में डूरंड कप जीतना चाहते हैं. कप्तान प्रणय हलदर ने कहा कि हमारा एकमात्र उद्देश्य क्लब को शीर्ष पर पहुंचाना है. निखिल को मोहन बागान और सनन को एफसी गोवा का ऑफर
जेएफसी के बंद होने की खबरों के बीच टीम के प्रतिभावान खिलाड़ियों को बड़े क्लबों से प्रस्ताव मिल रहे हैं. हाल ही में भारतीय सीनियर टीम में पर्दापण करने वाले खूंटी निवासी निखिल को प्रतिष्ठित क्लब मोहन बागान से ऑफर मिला है. हालांकि, निखिल ने स्पष्ट किया कि वे फिलहाल जेएफसी के साथ ही हैं. युवा अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी मो सनन को एफसी गोवा अपने साथ जोड़ना चाहता है, लेकिन सनन ने अभी कोई जवाब नहीं दिया है. उनका कहना है कि वे अभी जेएफसी के सदस्य हैं और टीम को डूरंड कप में चैंपियन बनते देखना चाहते हैं.
