बाहरदाढ़ी की सड़क बनी मुसीबत, गड्ढों में तब्दील रास्ते को लेकर फूटा ग्रामीणों का गुस्सा, दी ये चेतावनी

जमशेदपुर के बाहरदाढ़ी गांव में वर्षों से जर्जर पड़ी मुख्य सड़क के कारण ग्रामीण परेशान हैं. गड्ढों में तब्दील रास्ते ने आवागमन को मुश्किल बना दिया है. ग्रामीणों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन कर जल्द निर्माण की मांग की है, अन्यथा आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी है.

जमशेदपुर : जमशेदपुर प्रखंड के बाहरदाढ़ी गांव में बदहाल सड़क को लेकर ग्रामीणों का गुस्सा सोमवार को सड़क पर उतर आया. वर्षों से जर्जर पड़ी गांव की मुख्य सड़क की मरम्मत नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया. शासन-प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. ग्रामीणों का कहना है कि सड़क की हालत इतनी खराब हो चुकी है कि रोजाना आवागमन किसी चुनौती से कम नहीं है. उन्होंने जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं होने पर आंदोलन को और तेज करने की चेतावनी दी है.

गड्ढों में तब्दील हो चुकी है गांव की मुख्य सड़क

भाजपा एसटी मोर्चा के प्रदेश सह प्रवक्ता उपेंद्रनाथ सरदार उर्फ राजू सरदार के नेतृत्व में ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया. इस दौरान राजू सरदार ने सरकार के विकास के दावों पर सवाल उठाते हुए कहा - कागजों पर विकास की तस्वीर अलग है, जबकि गांव की जमीनी हकीकत बेहद खराब है. बाहरदाढ़ी की मुख्य सड़क जगह-जगह टूट चुकी है. बड़े-बड़े गड्ढों के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी हो रही है. ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क की बदहाली के कारण दोपहिया वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी होती है. उबड़-खाबड़ सड़क पर दुर्घटना का खतरा भी बना रहता है.

मरीजों व गर्भवती महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी

ग्रामीणों ने बताया - सड़क की खराब स्थिति का सबसे गंभीर असर आपात स्थिति में देखने को मिलता है. गांव में किसी व्यक्ति के बीमार पड़ने या गर्भवती महिला को अस्पताल ले जाने की जरूरत पड़ने पर एंबुलेंस को गांव तक पहुंचने में परेशानी होती है. ग्रामीणों का कहना है कि समय पर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचना कई बार मुश्किल हो जाता है. ऐसे में सड़क का निर्माण अब केवल सुविधा का नहीं, बल्कि लोगों की सुरक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ा सवाल बन गया है.

जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो तेज होगा आंदोलन

प्रदर्शन कर रहे ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और राज्य सरकार से सड़क की समस्या का जल्द समाधान करने की मांग की. उनका कहना है कि वर्षों से सड़क की बदहाली झेल रहे ग्रामीण अब और इंतजार करने के मूड में नहीं हैं. ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया, तो चरणबद्ध तरीके से आंदोलन को और तेज किया जाएगा.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By दशमत सोरेन

दशमत सोरेन ने रांची विश्वविद्यालय से अंग्रेजी साहित्य में स्नातकोत्तर किया है. वे 29 वर्षों से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं. उनकी विशेषज्ञता मुख्य रूप से झारखंड की आदिवासी-मूलवासी राजनीति, स्थानीय समुदायों की भाषा-संस्कृति और यहां के सामाजिक ताना-बाना है. वे वर्ष 2010 से प्रभात खबर के साथ एक ट्राइबल रिपोर्टर के रूप में काम कर रहे हैं.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >