बर्मामाइंस में अनियंत्रित ट्रेलर ने बाइक सवार युवक को रौंदा, 40 मीटर तक घसीटा, मौत, विरोध में सड़क जाम

जमशेदपुर के बर्मामाइंस में एक भीषण सड़क हादसे में 27 वर्षीय बाइक सवार की मौत हो गई. तेज रफ्तार ट्रेलर ने युवक को कुचलकर 40 मीटर तक घसीटा. घटना के बाद आक्रोशित लोगों ने सड़क जाम कर यातायात बाधित किया.

जमशेदपुर : बर्मामाइंस थाना अंतर्गत सुनसुनिया गेट के समीप मंगलवार रात करीब 10:40 बजे एक भीषण सड़क हादसा हुआ. तेज रफ्तार ट्रेलर ने एक बाइक सवार युवक को अपनी चपेट में ले लिया. टक्कर के बाद युवक ट्रेलर के पिछले दोनों पहियों के बीच फंस गया, जिसके बाद वाहन उसे करीब 30 से 40 मीटर तक घसीटते हुये ले गया. हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया है . हादसा के बाद स्थानीय लोगों ने ट्रेलर रुकवाया. जिसके बाद चालक ट्रेलर छोड़कर फरार हो गया. हादसा के बाद लोगों ने युवक को टीएमएच पहुंचाया. जहां डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया. मृतक सागर गोप (27 वर्ष) परसुडीह थाना क्षेत्र के बारीगोड़ा का रहने वाला है. हादसा की जानकारी मिलने पर सागर गोप के घरवाले व परिजन टीएमएच पहुंचे.

साकची की ओर जा रहा था युवक

प्राप्त जानकारी के अनुसार, युवक बर्मामाइंस की ओर से साकची की तरफ जा रहा था. उसी दौरान बर्मामाइंस की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसे चपेट में ले लिया. दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों की मदद से भारी मशक्कत कर युवक को पहियों के बीच से बाहर निकाला गया और तुरंत अस्पताल भेजा गया. घटना के बाद सड़क पर लंबा जाम लग गया और बड़ी संख्या में भारी वाहन कतारबद्ध हो गये.


सड़क को किया जाम.

घर का इकलौता चिराग था सागर

परिजन के अनुसार सागर गोप अपने पिता का इकलौता चिराग था. वह बर्मामाइंस में एक कंपनी में हेल्पर का काम करता था. सागर की मौत से घरवालों का रो-रो कर बुरा हाल था. स्थानीय लोग के अनुसार वह व्यवहारिक लड़का था. बस्ती में हो रहे गणेश पूजा में भी बढ़ चढ़ कर हिस्सा ले रहा था.

''नो एंट्री'' के नियमों की अनदेखी पर भड़के लोग

घटनास्थल पर मौजूद जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के जिला उपाध्यक्ष दुर्गा राव ने ट्रैफिक प्रशासन की लापरवाही पर कड़ा आक्रोश जताया. उन्होंने आरोप लगाया कि क्षेत्र में भारी वाहनों के लिए ''नो एंट्री'' रात 11 बजे खुलती है, लेकिन नियमों की अनदेखी कर रात 10:40 बजे से ही ट्रेलर सड़कों पर बेलगाम दौड़ने लगे.प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि प्रशासन की इस ढिलाई के कारण ही यह दर्दनाक हादसा हुआ.उन्होंने बताया कि सुनसुनिया गेट के पास सड़क दुर्घटना में मौत की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पूर्व भी कई लोगों की जान जा चुकी है. लेकिन उसके बाद भी कंपनी प्रबंधन और जमशेदपुर पुलिस की ओर से कोई ठोस कदम नहीं उठाये जाते हैं. जिसका नतीजा आज सबके सामने है.

दुर्घटना के बाद लगा जाम

दुर्घटना के बाद सुनसुनिया गेट के पास सड़क के दोनों ओर जाम की स्थिति उत्पन्न हो गयी. आक्रोशित लोगों ने पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की. करीब एक घंटे तक जाम की स्थिति बनी रही. बर्मामाइंस पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से जाम को समाप्त कराया गया. पुलिस लोडेड ट्रेलर को जब्त कर थाना ले गयी. दुर्घटना के बाद आसपास के लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि कंपनी में माल अनलोड करने के बाद भारी वाहनों को चालक सड़क किनारे खड़ी कर देते हैं, जिससे दुर्घटना की आशंका बनी रहती है. दुर्घटना में कई लोगों की जान जा भी चुकी है.

पूर्व में भी हो चुकी है घटना

पूर्व में 9 फरवरी बर्मामाइंस थानांतर्गत सुनसुनिया गेट के पास कंपनी से निकल रहे स्टील रोल लोडेड ट्रेलर से ऑटो (जेएच05ईई-2248) टकरा गयी. जिसमें ऑटो पर सवार एक सवारी की मौके पर ही मौत हो गयी थी. जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shyam narayan jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >