टाटा मोटर्स जमशेदपुर प्लांट 30 से लेकर छह दिनों तक बंद रहेगा. शुक्रवार को प्लांट हेड रवींद्र कुलकर्णी के आदेश से सर्कुलर जारी किया गया. इसके मुताबिक 30 मार्च को एक दिन का ब्लॉक क्लोजर लिया गया है. 31 मार्च रविवार का साप्ताहिक अवकाश है. नये वित्तीय वर्ष के पहले दिन एक अप्रैल को सभी विभाग (सामान्य कार्यालय सहित) बंद रहेंगे. इस अवकाश के बदले कर्मचारियों से बाद में काम लिया जायेगा. दो से चार अप्रैल तक इआरसी को छोड़कर सभी डिवीजनों में ब्लॉक क्लोजर रहेगा. कंपनी के बीआइडब्ल्यू फैक्टरी, एक्सल ड्राइव और फाउंड्री डिवीजन में एक दिन का ब्लॉक क्लोजर दो अप्रैल को लिया गया है.
ब्लॉक क्लोजर 1.50 लाख मजदूरों पर पड़ेगा असर
टाटा मोटर्स में ब्लाॅक क्लोजर का असर आदित्यपुर इंडस्ट्रियल एरिया की लगभग 95 प्रतिशत कंपनियां पर पड़ेगा. इन कंपनियों से टाटा मोटर्स में कास्टिंग, मशीन, रिम, नट-बोल्ट, रबर के सामान, कास्टिंग, फाइबर आदि सामानों की सप्लाई होती है. गोविंदपुर के स्टील स्ट्रिप्स व्हील्स लिमिटेड में भी कामकाज पर सीधा असर पड़ेगा.
यह प्रभात खबर का न्यूज डेस्क है। इसमें बिहार-झारखंड-ओडिशा-दिल्ली समेत प्रभात खबर के विशाल ग्राउंड नेटवर्क के रिपोर्ट्स के जरिए भेजी खबरों का प्रकाशन होता है।