WhatsApp पर सिर्फ ‘Hi’ लिखते ही जमशेदपुर पुलिस करेगी मदद, जानें क्या है स्मार्ट चैटबॉट..

जमशेदपुर पुलिस ने नागरिकों की सुविधा के लिए एक नया WhatsApp चैटबॉट लॉन्च किया है. अब आप 'Hi' भेजकर तुरंत पुलिस से जुड़ी सेवाओं और शिकायतों की जानकारी पा सकते हैं.

जमशेदपुर : जमशेदपुर पुलिस ने आम लोगों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर डिजिटल पहल शुरू की है. अब पुलिस से जुड़ी कई सेवाओं और शिकायतों के लिए लोगों को बार-बार थाने का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा. एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने बुधवार को एसएसपी कार्यालय से जमशेदपुर पुलिस के आधिकारिक WhatsApp चैटबॉट का शुभारंभ किया.

ये है नंबर

इस सुविधा के तहत नागरिक अपने मोबाइल में 9471167577 नंबर सेव कर WhatsApp के माध्यम से पुलिस से जुड़ी सेवाओं और शिकायतों की जानकारी ले सकेंगे. इसके लिए इस नंबर पर केवल ‘Hi’ या ‘हाई’ लिखकर भेजना होगा. इसके बाद WhatsApp पर ‘जोहार पुलिस’ का स्वागत संदेश आयेगा और स्क्रीन पर विभिन्न सेवाओं के विकल्प उपलब्ध होंगे.

एक नंबर पर मिलेंगी कई तरह की सुविधाएं

WhatsApp चैटबॉट के माध्यम से नागरिकों को कई महत्वपूर्ण सेवाओं से जोड़ा गया है. इसमें महिलाओं और युवतियों की सुरक्षा, छेड़खानी की शिकायत और सीनियर सिटीजन हेल्प जैसी सुविधाएं शामिल हैं. इसके अलावा पासपोर्ट वेरिफिकेशन, पुलिस वेरिफिकेशन और चरित्र प्रमाण पत्र के स्टेटस की जानकारी भी प्राप्त की जा सकेगी. लोग मोबाइल गुम होने, साइबर क्राइम और चालान से संबंधित जानकारी भी इस माध्यम से प्राप्त कर सकेंगे. पहले से दर्ज शिकायत की वर्तमान स्थिति जानने की सुविधा भी चैटबॉट में उपलब्ध होगी.

नजदीकी थाना और थाना प्रभारी की भी मिलेगी जानकारी

चैटबॉट के जरिये नागरिक अपने नजदीकी थाना और थाना प्रभारी का संपर्क नंबर भी प्राप्त कर सकेंगे. पुलिस की कार्यशैली को लेकर शिकायत या सुझाव देने का विकल्प भी इसमें रखा गया है. इस डिजिटल व्यवस्था की निगरानी एसएसपी कार्यालय स्थित शिकायत कोषांग द्वारा की जायेगी. पुलिस अधिकारियों के अनुसार इसका उद्देश्य WhatsApp के जरिये आने वाली शिकायतों और संदेशों पर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित करना है.

मोबाइल में नंबर सेव करने की अपील

एसएसपी डॉ. एहतेशाम वकारिब ने शहर के नागरिकों से WhatsApp नंबर 9471167577 को अपने मोबाइल में सेव रखने की अपील की है. उन्होंने कहा कि जमशेदपुर पुलिस नागरिकों की सुरक्षा और सेवा के लिए 24 घंटे तत्पर है. मौके पर सिटी एसपी ललित मीना, ग्रामीण एसपी शुभम खंडेलवाल और डीएसपी मनोज कुमार मौजूद थे.

ऐसे करें इस्तेमाल

9471167577 नंबर सेव करें → WhatsApp खोलें → ‘Hi’ या ‘हाई’ भेजें → ‘जोहार पुलिस’ संदेश मिलेगा → जरूरत के अनुसार विकल्प चुनें.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shyam narayan jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >