Jamshedpur News : जमशेदपुर : एसबीआइ के 140 से अधिक एटीएम गार्ड नौकरी से हटाये गये, बिष्टुपुर में जोरदार प्रदर्शन

Jamshedpur News : जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम की सुरक्षा में तैनात 140 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को अचानक नौकरी से हटा दिया गया है.

Jamshedpur News :

जमशेदपुर और आसपास के क्षेत्रों में स्टेट बैंक ऑफ इंडिया के एटीएम की सुरक्षा में तैनात 140 से अधिक सुरक्षाकर्मियों को अचानक नौकरी से हटा दिया गया है. एजेंसी के इस फैसले के खिलाफ शनिवार को आक्रोशित महिला व पुरुष गार्डों ने सड़क पर उतरकर जोरदार विरोध-प्रदर्शन किया. इस कार्रवाई के कारण शनिवार को शहर के दर्जनों एसबीआइ एटीएम बिना सुरक्षा गार्ड के संचालित हुए.

बिष्टुपुर मुख्य शाखा और थाने पर जताया विरोध

सैकड़ों की संख्या में सुरक्षाकर्मी दोपहर में पहले बिष्टुपुर स्थित एसबीआइ की मुख्य शाखा पहुंचे और वहां विरोध दर्ज कराया. इसके बाद सभी प्रदर्शनकारी बिष्टुपुर थाना पहुंचे और पुलिस को लिखित शिकायत सौंपी. प्रदर्शन कर रहे गार्डों ने बताया कि वे एजेंसी डब्ल्यूडब्ल्यूएसओ इंटरप्राइजेज लिमिटेड बेंगलुरू के तहत वर्षों से ईमानदारी से ड्यूटी कर रहे थे, लेकिन 30 अप्रैल को उनका अंतिम कार्यदिवस बताकर 1 मई 2026 से उन्हें काम पर आने से मना करने का नोटिस थमा दिया गया.

पीएफ और भत्ते की मांग पर ”गाज” गिरने का आरोप

प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि उन्हें पीएफ और अन्य भत्तों की सुविधा नहीं मिल रही थी. इसके खिलाफ उन्होंने पहले चाईबासा कोर्ट और फिर धनबाद असिस्टेंट लेबर कमिश्नर के पास मामला दर्ज कराया था, जो वर्तमान में लंबित है. गार्डों का कहना है कि इसी कानूनी लड़ाई का बदला लेने के लिए मनमाने तरीके से उन्हें नौकरी से मुक्त कर दिया गया है. उन्होंने चैनल हेड आरके पांडेय पर इस पूरी बर्खास्तगी की साजिश रचने का गंभीर आरोप लगाया है.

पुलिस की मौजूदगी में वार्ता रही बेनतीजा

गार्डों के प्रदर्शन को देखते हुए शनिवार शाम बिष्टुपुर पुलिस ने गार्डों के प्रतिनिधियों और स्टेट बैंक एटीएम सर्विस के अधिकारियों के बीच मध्यस्थता कर बातचीत कराने की कोशिश की. हालांकि, काफी देर तक चली यह वार्ता बेनतीजा रही. नौकरी से हटाये जाने के कारण अब 140 से अधिक परिवारों के समक्ष आर्थिक संकट और भुखमरी की स्थिति उत्पन्न हो गयी है.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

By RAJESH SINGH

RAJESH SINGH is a contributor at Prabhat Khabar.

Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >