jamshedpur news : पूर्वी घाघीडीह पंचायत की कलियाडीह गोशाला के समीप एफएसटी प्लांट का बनना प्रस्तावित है. इसे लेकर प्रशासनिक अधिकारियों के साथ बैठक में ग्रामीणों ने ग्रामसभा की सहमति के बिना योजना पर आपत्ति जताते हुए इसका विरोध किया.
इस योजना के लिए जमशेदपुर अंचल कार्यालय ने घाघीडीह मौजा में खाता संख्या-1075 और प्लॉट संख्या-5270 की कुल 2.50 एकड़ जमीन जुगसलाई नगर परिषद को हस्तांतरित कर दी है. बुधवार को एफएसटी प्लांट को धरातल पर उतारने के लिए ग्रामीणों व प्रशासनिक पदाधिकारियों की एक बैठक कलियाडीह गोशाला के समीप बुलायी गयी थी. प्रशासनिक पदाधिकारियों में जुगसलाई नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी संदीप पासवान, बीडीओ सुमित प्रकाश व सीओ मनोज कुमार मौजूद थे. प्रशासनिक पदाधिकारियों ने एफएसटी प्लांट से होने वाले फायदे के बारे में बताया. साथ ही प्रस्तावित योजना पर ग्रामीणों की सहमति लेने का प्रयास किया. लेकिन, बैठक में ग्रामीणों ने प्रस्तावित योजना का यह कहकर विरोध किया कि किसी भी योजना का चयन ग्रामसभा स्तर से करने के बाद प्रशासनिक स्तर पर आगे की प्रक्रिया के लिए भेजा जाता है. लेकिन, यहां विपरीत कार्य हो रहा है. योजना का चयन प्रशासनिक स्तर पर कर ग्रामीणों को थोपा जा रहा है. ग्रामीण इस प्रक्रिया का पुरजोर विरोध करते हैं और योजना को निरस्त करने की मांग करते हैं. वहीं, ग्रामीणों की ओर से कहा गया कि जिला प्रशासन प्रस्तावित योजना के लिए अपना प्रस्ताव ग्रामसभा को भेजे. ग्रामसभा उस प्रस्ताव पर विचार कर अपना फैसला देगी. बैठक में मुख्य रूप से मुखिया मिर्जा हांसदा, घाघीडीह ग्रामप्रधान जगदीश सरदार, किनुडीह माझी बाबा रेंटा सोरेन, तालसा माझी बाबा दुर्गाचरण मुर्मू, रवींद्र नाथ मुर्मू, चंपई मुर्मू, कुमार चंद्र मार्डी समेत काफी संख्या में ग्रामीणा शामिल हुए.jamshedpur news : पूर्वी घाघीडीह में प्रस्तावित एफएसटी प्लांट का ग्रामीणों ने किया विरोध
ग्रामसभा की सहमति के बिना योजना लागू करने पर जताई आपत्ति

जमशेदपुर (फाइल फोटो)