jamshedpur news : निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआइआर) के तीसरे चरण की घोषणा कर दी है. राज्य में यह प्रक्रिया 20 जून से शुरू होगी, जबकि अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन 7 अक्तूबर 2026 को किया जायेगा. इसे लेकर झामुमो ने भी अपनी कमरकस तैयारी शुरू कर दी है. इसी क्रम में बुधवार को झामुमो पूर्वी सिंहभूम जिला समिति ने पार्टी द्वारा नामित बूथ लेवल एजेंट (बीएलए-2) के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन किया.
सिदगोड़ा स्थित बिरसा मुंडा टाउन हॉल में आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में एजेंटों को एसआइआर प्रक्रिया के दौरान सतर्क एवं सक्रिय रहने का निर्देश दिया गया. उन्हें बताया गया कि अपने-अपने बूथ क्षेत्र में किसी भी पात्र मतदाता का नाम मतदाता सूची से न कटे, इसकी जिम्मेदारी उनकी होगी. साथ ही जिन लोगों का नाम किसी कारणवश सूची में दर्ज नहीं है, उनसे संपर्क कर आवश्यक दस्तावेज जुटाने और उन्हें बीएलओ तक पहुंचाने को कहा गया.प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार 30 जून से 29 जुलाई 2026 तक बूथ लेवल ऑफिसर (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. इस दौरान बीएलए-2 को बीएलओ के साथ समन्वय बनाकर कार्य करने और लोगों को पुनरीक्षण प्रक्रिया के प्रति जागरूक करने की जिम्मेदारी सौंपी गयी. कार्यक्रम का संचालन झामुमो जिला अध्यक्ष विक्टर सोरेन ने किया. कार्यक्रम में जुगसलाई विधायक मंगल कालिंदी, पोटका विधायक संजीव सरदार, बहरागोड़ा विधायक समीर मोहंती और घाटशिला विधायक सोमेश चंद्र सोरेन सहित पार्टी के केंद्रीय पदाधिकारी, जिला समिति के सदस्य, प्रखंड एवं नगर समिति के प्रतिनिधि, पंचायत स्तरीय पदाधिकारी, बूथ प्रभारी और बड़ी संख्या में बूथ लेवल एजेंट उपस्थित रहे.
