jamshedpur news : प्रमोशन घोटाले की जांच में कोल्हान विश्वविद्यालय के सात कर्मी घेरे में

तीन कर्मियों का हो चुका है निधन, बाकी को 29 जनवरी को रखना होगा पक्ष

तीन कर्मियों का हो चुका है निधन, बाकी को 29 जनवरी को रखना होगा पक्ष

jamshedpur news :

राजभवन और सुप्रीम कोर्ट के आदेश के बाद सामने आये झारखंड के बहुचर्चित विश्वविद्यालय प्रमोशन घोटाले की जांच में अब कोल्हान विश्वविद्यालय प्रमुख रूप से जांच एजेंसियों के निशाने पर आ गया है. मई 2025 में उजागर हुए इस मामले में हुई अनियमितताओं ने उच्च शिक्षा व्यवस्था की जड़ों को हिला दिया है. जांच में सामने आया है कि कोल्हान विश्वविद्यालय में नियमों को दरकिनार कर कई कर्मचारियों को अवैध रूप से पदोन्नति दी गयी. प्रयोगशालाओं में कार्यरत लैब असिस्टेंट को पहले डेमोंस्ट्रेटर और फिर सीधे एसोसिएट प्रोफेसर जैसे उच्च शैक्षणिक पदों पर प्रमोट कर दिया गया.

इतना ही नहीं कुछ मामलों में चतुर्थ वर्गीय कर्मचारियों को भी शिक्षक संवर्ग में शामिल कर विभागाध्यक्ष तक बना दिया गया. जांच समिति की रिपोर्ट के अनुसार, कोल्हान विश्वविद्यालय के कुल सात कर्मी इस घोटाले के दायरे में हैं, जिन पर अवैध तरीके से प्रमोशन लेने और नियमों का उल्लंघन करने का आरोप है. इनमें से तीन कर्मियों की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य चार कर्मचारियों को 29 जनवरी को रांची स्थित उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग में अपना पक्ष रखने के लिए तलब किया गया है. इस जांच में यह भी स्पष्ट हुआ है कि कुछ कर्मी अनुकंपा के आधार पर गैर शैक्षणिक पदों पर नियुक्त हुए थे. नियमों के अनुसार, ऐसे कर्मचारियों को किसी भी परिस्थिति में शिक्षक पद पर नियुक्त या प्रमोट नहीं किया जा सकता. बावजूद इसके गलत प्रक्रिया अपनाकर उन्हें पहले डेमोंस्ट्रेटर और फिर विश्वविद्यालय शिक्षक बना दिया गया. सुप्रीम कोर्ट के निर्देश पर गठित उच्च स्तरीय जांच समिति ने इन प्रमोशन को विश्वविद्यालय अधिनियम और सेवा नियमों का उल्लंघन बताया है. रिपोर्ट में कहा गया है कि ऐसे अवैध प्रमोशन के कारण न सिर्फ शैक्षणिक गुणवत्ता प्रभावित हुई, बल्कि राज्य के राजकोष पर करोड़ों रुपये का अतिरिक्त वित्तीय बोझ भी पड़ा है. सूत्रों के अनुसार, कोल्हान विश्वविद्यालय में हुई इन गड़बड़ियों को गंभीर मानते हुए विभाग अब प्रमोशन निरस्त करने, वेतन वसूली और संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की दिशा में भी विचार कर रहा है. आने वाले दिनों में इस मामले में और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >