jamshedpur news : नगर निगम चुनाव को लेकर एनएसयू के विद्यार्थियों ने मानगो के लोगों का जाना मिजाज

एनएसयू और श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर सर्वे करा रहा है प्रभात खबर

एनएसयू और श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के साथ मिलकर सर्वे करा रहा है प्रभात खबर

जनता की प्राथमिकताएं, समस्याएं और अपेक्षाएं जानना है मकसद

सर्वे में दोनों यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी ले रहे हैं हिस्सा

jamshedpur news :

झारखंड में प्रस्तावित नगर निगम चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मी तेज होती जा रही है. एक ओर प्रशासनिक स्तर पर चुनाव की तैयारियां अंतिम चरण में हैं, वहीं दूसरी ओर संभावित उम्मीदवार भी मैदान में उतरकर अपनी-अपनी रणनीति बनाने में जुट गये हैं. इस बीच चुनावी माहौल में जनता की सोच, प्राथमिकताएं और समस्याएं जानने के उद्देश्य से प्रभात खबर द्वारा नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (एनएसयू) और श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के सहयोग से एक व्यापक जनमत सर्वे कराया जा रहा है.

इसी क्रम में गुरुवार को नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के विद्यार्थियों ने मानगो क्षेत्र के 36 अलग-अलग वार्डों में जाकर लोगों से सीधा संवाद किया और उनकी राय जानी. इस सर्वे में यूनिवर्सिटी के कुल 72 विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया. सर्वे कार्य का नेतृत्व विश्वविद्यालय की विभागाध्यक्ष दीपिका कुमारी कर रही थीं.

विद्यार्थियों ने मानगो चौक, डिमना रोड, शंकोसाई, ओलीडीह, पारडीह, आजाद बस्ती, पुरुलिया रोड समेत कई इलाकों में घर-घर और चौक-चौराहों पर लोगों से बातचीत की. इस दौरान मानगो नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत लोगों से कुल 10-10 सवाल पूछे गये, जिनमें नगर निगम की ओर से दी जा रही सुविधाएं, सड़क, जलापूर्ति, सफाई व्यवस्था, स्ट्रीट लाइट, नाली, जलजमाव, स्वास्थ्य सेवाएं जैसे मुद्दे शामिल थे. सर्वे के दौरान लोगों ने खुलकर अपनी समस्याएं और अपेक्षाएं बतायीं. कई इलाकों में खराब सड़कों, नियमित जलापूर्ति की कमी, जल जमाव और साफ-सफाई को लेकर नाराजगी देखने को मिली. वहीं, कुछ क्षेत्रों में लोगों ने मूलभूत सुविधाओं में सुधार की बात भी कही. सर्वे कार्य में जुटे विद्यार्थियों में खासा उत्साह देखने को मिला. यह सर्वे न सिर्फ चुनावी मुद्दों को सामने लाने में मदद करेगा, बल्कि युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया से जोड़ने का भी कार्य कर रहा है. प्रभात खबर के इस प्रयास से नगर निगम चुनाव में जनता की वास्तविक आवाज सामने आने की उम्मीद है. सर्वे से प्राप्त आंकड़ों और जनमत के आधार पर प्रभात खबर द्वारा एक विस्तृत रिपोर्ट भी प्रकाशित की जायेगी, जिससे जनप्रतिनिधि और प्रशासन भी उनकी आवाज को जान पायेंगे.

25 और 26 जनवरी को आदित्यपुर नगर निगम क्षेत्र में होगा सर्वे

आदित्यपुर क्षेत्र में भी सर्वे होगा. आदित्यपुर क्षेत्र के सर्वे का कार्य 25 और 26 जनवरी को श्रीनाथ यूनिवर्सिटी के विद्यार्थी करेंगे. इस सर्वेक्षण कार्य में यूनिवर्सिटी के करीब 100 विद्यार्थी शामिल होंगे. इसमें मुख्य रूप से मास कम्यूनिकेशन और एनएसएस के छात्र-छात्राएं शामिल होंगे. विद्यार्थी टीमों में बंटकर प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >