jamshedpur news : आयकर कर्मियों ने आधे दिन तक ठप रखा काम-काज

आठवें वेतन आयोग व ओपीएस की बहाली की मांग

आठवें वेतन आयोग व ओपीएस की बहाली की मांग

jamshedpur news :

केंद्रीय मुख्यालय के आह्वान पर अपनी 20 सूत्रीय मांगों को लेकर आयकर विभाग के अधिकारी और कर्मचारी गुरुवार को आर-पार की लड़ाई के मूड में नजर आये. आयकर कर्मचारी महासंघ (आइटीइएफ) और आयकर राजपत्रित अधिकारी संघ (आइटीजीओए) के संयुक्त तत्वावधान में आयकर कर्मियों ने गुरुवार को आधे दिन की हड़ताल की. इस कारण कार्यालय में कामकाज पूरी तरह बाधित रहा. इस दौरान शहर के आयकर कार्यालय के समक्ष कर्मियों ने केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. संघ ने चेतावनी दी कि यदि सरकार और संबंधित विभाग ने उनकी मांगों पर जल्द सार्थक वार्ता नहीं की, तो आने वाले दिनों में यह आंदोलन और उग्र होगा.

आयकर कर्मियों की मांगों में आठवें केंद्रीय वेतन आयोग (सीपीसी) का तत्काल गठन और पुरानी पेंशन योजना (ओपीएस) की बहाली भी शामिल है. संघ के नेताओं ने कहा कि महंगाई के इस दौर में वेतन संशोधन में देरी कर्मचारियों के साथ अन्याय है. वहीं, सेवानिवृत्ति के बाद सामाजिक सुरक्षा के लिए ओपीएस मिलनी चाहिए. इसके अलावा संविदा और दैनिक वेतनभोगियों का नियमितीकरण, नौकरी की सुरक्षा और लंबित कैडर पुनर्गठन जैसे गंभीर मुद्दों पर भी प्रशासन का रुख उदासीन बना हुआ है. संघ के नेताओं ने स्पष्ट किया कि कई बार ज्ञापन सौंपने और चर्चा के बावजूद प्रशासन ने कोई ठोस पहल नहीं की है. इसी अनिश्चितता और असंतोष के कारण यह विरोध प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन में मुख्य रूप से आइटीजीओए के शाखा सचिव श्रीनिवास, प्रवीण चौहान, अविनाश कुमार, युगल किशोर मेहता, नरेंद्र कुमार कर्ण, गौरव कुमार, बिरमल हांसदा, नितेश श्रीवास्तव, सुजीत कुमार, घनश्याम चौबे, बलिराम रजक, नयन मंडल और त्रिलोचन हरपाल समेत बड़ी संख्या में कर्मी शामिल थे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >