jamshedpur news : हाइकोर्ट में सुनवाई अधूरी, फैसला होने तक आज दुकानों पर नहीं चलेगा बुलडोजर

टाटानगर स्टेशन-कीताडीह सड़क व गोलपहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टली

टाटानगर स्टेशन-कीताडीह सड़क व गोलपहाड़ी से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई टली

jamshedpur news :

टाटानगर रेलवे स्टेशन से कीताडीह तक की सड़क पर बची हुईं दुकानों को हटाने और गोलपहाड़ी क्षेत्र से अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई फिलहाल टल गयी है. इस मामले में झारखंड हाइकोर्ट में सोमवार को सुनवाई हुई, लेकिन सुनवाई अधूरी रहने के कारण किसी तरह की कार्रवाई पर रोक बनी रही. लीज पर दी गयी दुकानों को हटाने के विरोध में दुकानदारों द्वारा दायर याचिका पर अब मंगलवार को दोबारा सुनवाई होगी.

हाइकोर्ट में हुई सुनवाई के दौरान दुकानदारों के साथ-साथ रेलवे के अधिकारी भी मौजूद रहे. फिलहाल अदालत के रुख को देखते हुए मंगलवार को भी अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई नहीं किये जाने की संभावना जतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, स्टेशन से कीताडीह तक सड़क किनारे 14 से अधिक दुकानें अभी हटायी जानी बाकी हैं, जबकि गोलपहाड़ी क्षेत्र में भी करीब पांच दुकानें अतिक्रमण की जद में हैं. बताया गया है कि हाइकोर्ट से स्थिति स्पष्ट होने के बाद नये सिरे से मजिस्ट्रेट और पुलिस बल की तैनाती कर शेष दुकानों को हटाया जायेगा.

मलबे में अपना सामान तलाश रहे दुकानदार

अतिक्रमण हटाये जाने के बाद स्टेशन से कीताडीह की ओर जाने वाली सड़क पर सन्नाटा पसरा हुआ है. हटायी गयीं दुकानों के मलबे में दुकानदार अपना सामान तलाशते नजर आ रहे हैं. ईंट, लोहे, टीन समेत बचा हुआ सामान लोग समेटकर ले जा रहे हैं. वहीं, जिन दुकानों को फिलहाल छोड़ा गया है, वहां से भी दुकानदार धीरे-धीरे अपना सामान निकाल रहे हैं. हालांकि, सोमवार तक की समय-सीमा मिलने के बावजूद कई दुकानदार सामान निकालकर वहीं कारोबार करते देखे गये. अब सभी की निगाहें मंगलवार की सुनवाई पर टिकी हुई हैं.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >