jamshedpur news : मानगो में पहली बार तीसरे मतदान का अधिकार, प्रभात खबर-नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी करेगा सर्वे

नगर निगम चुनाव से पहले जनता की प्राथमिकताएं, समस्याएं और अपेक्षाएं जानना मकसद

नगर निगम चुनाव से पहले जनता की प्राथमिकताएं, समस्याएं और अपेक्षाएं जानना मकसद

jamshedpur news :

मानगो की जनता के लिए आने वाले कुछ महीने ऐतिहासिक होने वाले हैं. पहली बार मानगो क्षेत्र के लोगों को नगर निगम चुनाव में तीसरे मतदान का अधिकार मिलने जा रहा है. इसे लेकर क्षेत्र में राजनीतिक सरगर्मी तेज हो गयी है. चुनावी समर में विकास, बुनियादी सुविधाएं और नागरिक समस्याएं प्रमुख मुद्दे के रूप में उभरने लगी हैं. वहीं, कई दावेदार मैदान में ताल ठोक चुके हैं. इसी बीच नगर निगम चुनाव को लेकर जनमत जानने के उद्देश्य से प्रभात खबर और नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी (एनएसयू ) द्वारा संयुक्त रूप से एक व्यापक सर्वे कराया जा रहा है. इसमें जनता की प्राथमिकताएं, समस्याएं और चुनावी अपेक्षाओं को जाना जायेगा.

यह सर्वे बुधवार को मानगो क्षेत्र के 36 अलग-अलग वार्डों में किया जायेगा. इस सर्वे में नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी के मास कम्यूनिकेशन विभाग के 72 विद्यार्थी हिस्सा लेंगे. विद्यार्थी टीमों में बंटकर प्रत्येक वार्ड में जाकर लोगों से सीधे संवाद करेंगे. सर्वे में युवा, बुजुर्ग, महिलाएं, प्रथम बार मतदान करने वाले मतदाता और अधेड़ उम्र के वोटर शामिल होंगे. हर प्रतिभागी से 10-10 सवाल पूछे जायेंगे, जो उनके क्षेत्र की प्रमुख समस्याओं, नागरिक सुविधाओं, विकास कार्यों और स्थानीय प्रशासन से जुड़ी अपेक्षाओं पर केंद्रित होंगे. सर्वे का कुल सैंपल साइज 360 रखा गया है, यानी प्रत्येक वार्ड से 10 लोगों की राय ली जायेगी. बुधवार की दोपहर प्रभात खबर और नेताजी सुभाष यूनिवर्सिटी की संयुक्त टीम मानगो क्षेत्र का फील्ड स्कैन करेगी. सर्वे से प्राप्त आंकड़ों और जनमत के आधार पर प्रभात खबर द्वारा एक विस्तृत रिपोर्ट प्रकाशित की जायेगी, जिसमें मानगो की जनता की प्राथमिकताएं, समस्याएं और चुनावी अपेक्षाएं सामने लायी जायेंगी. यह सर्वे न केवल चुनावी माहौल को समझने में मदद करेगा, बल्कि मानगो के मतदाताओं की वास्तविक आवाज को जनप्रतिनिधियों और प्रशासन तक पहुंचाने का माध्यम भी बनेगा.

ये सवाल पूछे जायेंगे

1. आपके इलाके में नियमित सफाई और कचरा उठाव की क्या स्थिति है?

2. पानी की उपलब्धता और गुणवत्ता कैसी है?

3. जलजमाव व नाली जाम की स्थिति कैसी रहती है?

4. आपके इलाके की सड़कें और स्ट्रीट लाइट की व्यवस्था कैसी है?

5. नगर निगम में शिकायत दर्ज कराने और उसके समाधान से आप कितने संतुष्ट हैं?

6. नगर निगम की सुविधाएं समय पर मिलती हैं या नहीं?

7. नगर निगम कर्मचारियों का व्यवहार कैसा है?

8. होल्डिंग, वाटर टैक्स आदि की जानकारी और भुगतान प्रक्रिया कितनी आसान है?

9. नगर निगम के नक्शा पास करने की प्रक्रिया कैसी है?

10. जन्म-मृत्यु प्रमाण पत्र के लिए कभी नगर निगम कर्मचारियों से पाला पड़ा है? यदि हां, तो उनका व्यवहार कैसा रहा?

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >