jamshedpur news : मानगो के आजादनगर थाना अंतर्गत ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर-1 पर बुधवार तड़के सड़क किनारे खड़ी एक यात्री बस में अचानक आग लग गयी. देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरी बस चंद मिनटों में धू-धू कर जलकर खाक हो गयी. गनीमत यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई, क्योंकि घटना के वक्त बस के भीतर कोई मौजूद नहीं था. हालांकि, आग की ऊंची लपटों के कारण पास में स्थित बिजली विभाग का पोल और तार जल गये, जिससे पूरे इलाके की बिजली आपूर्ति ठप हो गयी. स्थानीय लोगों के अनुसार, राज मोबाइल के समीप रोजाना की तरह रात में ड्यूटी खत्म होने के बाद बस खड़ी की गयी थी. बुधवार की तड़के अचानक बस से धुआं और तेज लपटें उठती देख लोगों ने तुरंत पुलिस, अग्निशमन और बिजली विभाग को सूचना दी. दमकल कर्मियों ने मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक बस पूरी तरह से जल चुका था. इधर, सूचना मिलने के बाद आजादनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है. आग शॉर्ट सर्किट की वजह से लगी या इसके पीछे किसी असामाजिक तत्व का हाथ है. इसकी जांच की जा रही है.
jamshedpur news : मानगो में बस में लगी आग, मची अफरा-तफरी, बिजली आपूर्ति ठप
हादसे में कोई जानी नुकसान नहीं हुआ

जमशेदपुर (फाइल फोटो)