jamshedpur news : आदित्यपुर से ही चलेंगी और आठ ट्रेनें

टाटानगर स्टेशन के रीडेवलपमेंट के कारण 29 जनवरी से शुरू होगा परिचालन

टाटानगर स्टेशन के रीडेवलपमेंट के कारण 29 जनवरी से शुरू होगा परिचालन

दक्षिण-पूर्व रेलवे ने पहले भी चार जोड़ी ट्रेनें की शिफ्टिंग का दिया था आदेश

jamshedpur news :

दक्षिण-पूर्व रेलवे के गुरुवार को चार जोड़ी ट्रेनें के टाटानगर के बजाय आदित्यपुर से चलाने के फैसले के बाद शुक्रवार को और आठ ट्रेनों का परिचालन 29 जनवरी से आदित्यपुर स्टेशन से ही शुरू करने का आदेश जारी किया गया है. इसके साथ और भी ट्रेनों को आदित्यपुर शिफ्ट करने की योजना है.

टाटानगर स्टेशन के रीडेवलपमेंट कार्य को देखते हुए ट्रेनों की शिफ्टिंग करने की बात कही जा रही है. शुक्रवार को जारी आदेश के तहत साउथ बिहार एक्सप्रेस (दुर्ग-दानापुर), टाटा-बक्सर और टाटा-थावे एक्सप्रेस, जालियांवाला बाग एक्सप्रेस, टाटा-यशवंतपुर, टाटा-एर्नाकुलम, टाटा-जम्मूतवी और टाटा-विशाखापट्टनम (साप्ताहिक) को आदित्यपुर से चलाने की योजना है. इसके साथ अन्य ट्रेनों को भी शिफ्ट करने का आदेश जल्द आ जायेगा. बताया जाता है कि फरवरी या मार्च के अंत तक इसको शुरू कर दिया जायेगा. हालांकि, सभी ट्रेनों का स्टॉपेज टाटानगर में जरूर रखा जायेगा.

बता दें कि गुरुवार को जारी आदेश में टाटानगर धनबाद टाटानगर एक्सप्रेस, टाटा आसनसोल टाटानगर इंटरसिटी एक्सप्रेस, टाटा हटिया टाटा मेमू और टाटा विशाखापट्टनम टाटानगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस ट्रेन को आदित्यपुर स्टेशन शिफ्ट करने का फैसला लिया गया था.

कई इलाके के लोगों को होगी परेशानी

टाटानगर के बजाय आदित्यपुर से ट्रेनें चलने के फैसले से बर्मामाइंस, करनडीह, सरजामदा, बागबेड़ा सहित कई क्षेत्रों के यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है. यात्रियों को आदित्यपुर स्टेशन तक पहुंचने में अतिरिक्त समय लगेगा, साथ ही ऑटो और टैक्सी का खर्च भी बढ़ेगा.

आदित्यपुर स्टेशन का हो चुका है कायाकल्प

आदित्यपुर रेलवे स्टेशन का हाल ही में व्यापक विकास किया गया है. पहले दो प्लेटफॉर्म वाला यह स्टेशन अब पांच प्लेटफॉर्म का हो गया है. स्टेशन के प्रवेश द्वार पर सुंदर पार्क बनाया गया है, पार्किंग की बेहतर व्यवस्था की गयी है और साफ-सफाई पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. आधुनिक सुविधाओं से लैस स्टेशन बनने से स्थानीय लोगों में खुशी है, जिन्हें अब ट्रेन पकड़ने के लिए टाटानगर नहीं जाना पड़ेगा.

ट्रेनों को पुन: टाटानगर से चलाने का होगा प्रयास : सांसद विद्युत

जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि टाटानगर से ट्रेनों के शिफ्ट होने से यहां के लोगों को परेशानी होगी. इस मुद्दे पर वह रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत करेंगे और ट्रेनें पहले की तरह टाटानगर से ही चलें, इसके लिए प्रयास करेंगे.

गम्हरिया सहित अन्य स्टेशनों से भी चलें ट्रेनें : सांसद जोबा

सिंहभूम संसदीय सीट की सांसद जोबा मांझी (आदित्यपुर स्टेशन इसी सीट में आता है) ने रेलवे के फैसले का स्वागत किया. उन्होंने कहा कि आदित्यपुर के साथ-साथ गम्हरिया और अन्य स्टेशनों से भी ट्रेनों का परिचालन शुरू होना चाहिए, जिससे जनता को और अधिक सुविधा मिल सके.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >