jamshedpur news : आइपीएस अधिकारी बनकर साइबर अपराधियों ने मानगो के व्यक्ति से ठगे 56 लाख रुपये
आधार कार्ड के दुरुपयोग और मुंबई पुलिस के नाम पर डराकर तीन किस्तों में ऐंठी रकम
jamshedpur news :
मानगो डिमना चौक स्थित हिल बिहार कॉलोनी निवासी प्रमोद शर्मा से साइबर अपराधियों ने खुद को आइपीएस अधिकारी बताकर 56 लाख रुपये की ठगी कर ली. इस मामले में पीड़ित ने साइबर थाना में लिखित शिकायत दर्ज करायी है. ठगी की यह घटना 12 से 29 जनवरी 2026 के बीच की बतायी जा रही है. जानकारी के अनुसार, 20 दिसंबर 2025 को आकाश शर्मा नामक व्यक्ति ने प्रमोद शर्मा को फोन कर बताया कि उनके आधार कार्ड नंबर का इस्तेमाल कर कुछ लोगों ने मुंबई में लोगों को परेशान किया है, जिस कारण वहां मामला दर्ज किया गया है. ठग ने यह भी दावा किया कि ग्रेटर मुंबई पुलिस के पोर्टल पर उनके खिलाफ वारंट जारी किया गया है और उन्हें मुंबई कोर्ट में पेश होकर अपनी संपत्ति का ब्योरा देना होगा. साइबर ठगों की बातों से डरकर प्रमोद शर्मा मानसिक दबाव में आ गये. कुछ दिनों बाद एक अन्य व्यक्ति ने खुद को आइपीएस विजय खन्ना बताते हुए वीडियो कॉल किया. उसने पुलिस की वर्दी में तस्वीर दिखाकर गिरफ्तारी और अग्रिम जमानत के नाम पर रुपये जमा करने की धमकी दी. ठग ने कहा कि जांच के बाद ही एनओसी दी जायेगी. ठगों के झांसे में आकर प्रमोद शर्मा ने 12 जनवरी को 35 लाख, 15 जनवरी को 11 लाख और 29 जनवरी को 10 लाख रुपये खाते में जमा कर दिये. बाद में जब उन्होंने संपर्क करने की कोशिश की, तो सभी मोबाइल नंबर बंद मिले. तब उन्हें ठगी का अहसास हुआ. इसके बाद प्रमोद शर्मा ने मामले की शिकायत साइबर थाना की पुलिस से की.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.