jamshedpur news : को-ऑपरेटिव कॉलेज : एमकॉम के 60 विद्यार्थी फेल, कॉपियों की जांच पर उठे सवाल

विद्यार्थियों ने कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन के लिए कुलपति के नाम प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

विद्यार्थियों ने कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन के लिए कुलपति के नाम प्राचार्य को सौंपा ज्ञापन

jamshedpur news :

जमशेदपुर को-ऑपरेटिव कॉलेज के एमकॉम (सत्र 2023-25) के परीक्षा परिणाम ने विद्यार्थियों को अचंभे में डाल दिया है. विश्वविद्यालय द्वारा जारी रिजल्ट में 110 में से 60 से अधिक विद्यार्थियों को फेल कर दिया गया है. हैरानी की बात यह है कि अधिकांश छात्र केवल एक ही विषय में अनुत्तीर्ण हुए हैं. इस विसंगति को लेकर मंगलवार को छात्र अमर तिवारी के नेतृत्व में विद्यार्थियों ने कुलपति के नाम प्राचार्य डॉ अमर सिंह को ज्ञापन सौंपा और कॉपियों के पुनर्मूल्यांकन की मांग की.

एक विषय में मिले सिर्फ तीन अंक, दूसरों में 60 से अधिक

विद्यार्थियों ने बताया कि परीक्षा परिणाम काफी निराशाजनक है. छात्रों का आरोप है कि वे अन्य सभी विषयों में 60 से अधिक अंक लाये हैं. लेकिन, एक खास पेपर में उन लोगों को मात्र 3 से 8 अंक तक दिये गये हैं. छात्रों के अनुसार, 70 अंकों के पेपर में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को इतने कम अंक मिलना मूल्यांकन की घोर लापरवाही को दर्शाता है. इसके अलावा इंटरनल मार्किंग में भी कटौती की गई है.

कॉलेज ने विवि पर फोड़ा ठीकरा, छात्र बोले- भविष्य के साथ खिलवाड़

छात्र अमर तिवारी ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में छात्रों का फेल होना कोल्हान विश्वविद्यालय और कॉलेज प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगाता है. यह उनके भविष्य के साथ खिलवाड़ है. जब वाइवा के अंकों में विसंगति पर सवाल किया गया, तो कॉलेज प्रबंधन ने इसे विश्वविद्यालय की तकनीकी गलती बतायी. छात्रों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कर संशोधित रिजल्ट प्रकाशित नहीं किया गया, तो वे आंदोलन को बाध्य होंगे.

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: AKHILESH KUMAR

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More
Tags

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >