गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान दो पक्ष भिड़े, चापड़ से हमला और मारपीट में तीन युवक घायल

जमशेदपुर के काशीडीह में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान मामूली विवाद ने हिंसक रूप ले लिया. दो गुटों में हुई मारपीट, पथराव और चापड़ से हमले में तीन युवक घायल हो गए. पुलिस ने इलाके में सुरक्षा कड़ी कर दी है.

जमशेदपुर: साकची थाना क्षेत्र के काशीडीह में रविवार देर रात गणेश प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान अचानक माहौल बिगड़ गया. डांस करने के दौरान शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते हिंसक झड़प में बदल गया. दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ हुई. इसी दौरान पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से हमला किया गया, जबकि जुलूस में शामिल डीजे वाहन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया. घटना में तीन युवक घायल हो गये.

जानकारी के अनुसार, काशीडीह लाइन नंबर-13 स्थित गणेश पूजा समिति की ओर से रविवार रात गाजे-बाजे के साथ विसर्जन जुलूस निकाला गया था. जुलूस के दौरान युवक डीजे की धुन पर डांस कर रहे थे. इसी दौरान लाइन नंबर-13 के युवकों का लाइन नंबर-1 के कुछ युवकों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया. देखते ही देखते दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गयी, जिसमें एक युवक चोटिल हो गया.

इसके बाद विवाद में शामिल एक युवक वहां से चला गया और कुछ देर बाद लाइन नंबर-1 से 10 से 15 युवकों की टोली को बुला लाया. आरोप है कि हथियार और लाठी-डंडों से लैस होकर पहुंचे युवकों ने विसर्जन जुलूस में शामिल लोगों पर हमला कर दिया. इस दौरान मारपीट के साथ पथराव हुआ और डीजे वाहन में तोड़फोड़ की गयी. पूजा समिति के एक सदस्य पर चापड़ से भी हमला किया गया.

एक घायल युवक की हालत गंभीर, टीएमएच रेफर

घटना के बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को एमजीएम अस्पताल ले जाया गया. प्राथमिक उपचार के दौरान एक युवक की स्थिति चिंताजनक होने पर डॉक्टरों ने उसे बेहतर इलाज के लिए टीएमएच रेफर कर दिया. टीएमएच में उसकी हालत गंभीर बतायी गयी है. अन्य घायलों का इलाज जारी है.

पुलिस ने क्यूआरटी तैनात कर कराया फ्लैग मार्च

घटना की सूचना मिलते ही साकची थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. स्थिति को देखते हुए पुलिस ने मारपीट और उपद्रव कर रहे युवकों को खदेड़ दिया, जिसके बाद स्थिति पर काबू पाया गया. पुलिस ने क्षतिग्रस्त डीजे वाहन को जब्त कर थाने ले गयी. सिटी डीएसपी संजीव कुमार भी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.

सुरक्षा के मद्देनजर क्षेत्र में क्यूआरटी और अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गयी है. तनाव को देखते हुए काशीडीह के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च भी कराया गया.

सिटी डीएसपी संजीव कुमार ने कहा, "तनाव को देखते हुए काशीडीह के संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च निकाला गया है. माहौल पूरी तरह नियंत्रण में है. घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है. जल्द ही दोषियों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जायेगी."

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By भूमि शर्मा

भूमि शर्मा पिछले दो वर्षों से डिजिटल मीडिया में सक्रिय हैं और वर्तमान में प्रभात खबर डिजिटल के साथ बतौर कंटेंट राइटर जुड़ी हुई हैं. वर्तमान में वह मुख्य रूप से जमशेदपुर और उसके आसपास के क्षेत्रों की खबरों को कवर करती हैं. इससे पहले वह एजुकेशन बीट और झारखंड बीट पर भी काम कर चुकी हैं, जहां उन्होंने शैक्षणिक बदलावों और राज्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों पर लेखन किया है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >