Jamshedpur: इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) के आगामी सत्र के लिए जमशेदपुर एफसी ने अपनी 28 सदस्यीय टीम की घोषणा कर दी है. लगभग एक साल के अंतराल के बाद फुटबॉल का रोमांच एक बार फिर जेआरडी टाटा स्पोर्ट्स कांप्लेक्स के फर्नेस पर लौटने वाला है. टीम की कमान शील्ड दिलाने वाले कोच ओवेन कोएल के हाथों में है, जिनके मार्गदर्शन में मेन ऑफ स्टील अपने घरेलू मैदान पर नौ मैच खेलेंगे. जमशेदपुर एफसी अपने अभियान की शुरुआत 15 फरवरी को जेआरडी में मोहम्मडन एससी के खिलाफ करेगी. जेएफसी प्रबंधन ने इस बार अपनी टीम के लिए चार कप्तान की नामों की घोषणा की है.
अलग-अलग मैच में अलग-अलग कप्तान
चार कप्तानों में प्रतीक चौधरी, प्रणय हलदर, लजार और एजे का नाम शामिल है. इन चारों कप्तानों को पूरे सीजन में रोटेट करके अलग-अलग मैचों में कप्तानी दी जायेगी. टीम में छह विदेशी खिलाड़ियों के अंतरराष्ट्रीय अनुभव और युवा भारतीय प्रतिभाओं का शानदार तालमेल देखने को मिल रहा है. गोलकीपिंग विभाग में अनुभवी रवि कुमार के जुड़ने से गहराई आई है, जबकि अल्बिनो जियोवानी गोम्स, अमृत गोप और आयुष जेना भी दीवार बनकर तैयार हैं. डिफेंस की जिम्मेदारी स्टीफन एजे, लाजर सिरकोविक, प्रतीक चौधरी, सार्थक गोलुई, मार्क जोथानपुइया, प्रफुल कुमार, कार्तिक चौधरी और निखिल बरला पर होगी.
इन खिलाड़ियों पर टीम को भरोसा
मिडफील्ड में निकोला स्टोजानोविक, मदिह तलाल, प्रणय हलदर, जर्मनप्रीत सिंह, मोबश्शीर रहमान, री ताचिकावा, रित्विक दास, सौरव दास, लालहरियातपुइया च्वांग्ते, विंसी बैरेटो, श्रीकुट्टन वीएस और समीर मुर्मू मजबूती देंगे. विपक्षी टीम के गोल पोस्ट पर हमला बोलने के लिए मेसी बाउली, सानन मोहम्मद के, मनवीर सिंह और रोसेनबर्ग गेब्रियल जैसे फॉरवर्ड खिलाड़ियों को चुना गया है.
ये भी पढ़ें…
महाशिवरात्रि पर जमशेदपुर में भारी वाहनों की नो इंट्री, यात्री बसों को मिलेगी छूट
स्टील सिटी में महामहिम का आगमन: चकाचक होगा जमशेदपुर का रास्ता, सुरक्षा के लिए प्रशासन ने कसी कमर
