जेल से रची गई हत्या की साजिश, जुगसलाई पुलिस ने खुर्शीद गिरोह के दो सदस्यों को दबोचा

जुगसलाई थाना पुलिस ने घाघीडीह जेल में बंद कुख्यात अपराधी मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड द्वारा रची गई हत्या की साजिश का पर्दाफाश किया है. पुलिस ने उसके दो सक्रिय सदस्यों को गिरफ्तार किया है और हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार बरामद किए हैं.

जमशेदपुर: जुगसलाई थाना पुलिस ने हत्या की एक कथित साजिश का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है. पुलिस के अनुसार, घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड के निर्देश पर उसके गिरोह के सदस्य एक व्यक्ति की हत्या की तैयारी कर रहे थे. गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मो. अयान अली उर्फ अयान बच्चा और मो. इमरान उर्फ अलटु बच्चा के रूप में हुई है.

रविवार को मामले का खुलासा करते हुए सिटी एसपी ललित मीना ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के कब्जे और उनकी निशानदेही पर हत्या के प्रयास में इस्तेमाल किए गए दो भारी धारदार हथियार और एक अवैध देशी कट्टा बरामद किया है.

जेल के अंदर से साजिश, बाहर चल रही थी रेकी

पुलिस के मुताबिक, जुगसलाई पहलवान डेरा निवासी मो. निजाम ने 19 सितंबर को पुलिस को सूचना दी थी कि घाघीडीह जेल में बंद मो. खुर्शीद उर्फ भाकुड उसकी हत्या कराने की साजिश रच रहा है और लगातार उसे निशाना बनाने का प्रयास किया जा रहा है.

सूचना मिलते ही एसएसपी के निर्देश पर डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर सुमित कुमार के नेतृत्व में एक विशेष पुलिस टीम गठित की गई. जुगसलाई थाना प्रभारी गुलाम रब्बानी खां के सहयोग से टीम ने मामले की जांच शुरू की.

हथियार लेकर कर रहे थे पीछा, हमले से बाल-बाल बचा निजाम

जांच के दौरान पुलिस के अनुसार सामने आया कि जेल में बंद खुर्शीद के निर्देश पर अयान बच्चा और अलटु बच्चा भारी धारदार हथियार लेकर निजाम की रेकी कर रहे थे.

पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने निजाम पर हमला कर उसकी हत्या करने का प्रयास भी किया, लेकिन वह किसी तरह मौके से बचकर निकलने में सफल रहा.

पुलिस के अनुसार, इससे पहले भी खुर्शीद अपने नौ अन्य साथियों के साथ निजाम की हत्या की कथित योजना बनाते समय पिस्तौल और कारतूस के साथ पकड़ा गया था. इसके बाद सभी आरोपियों को जेल भेज दिया गया था.

झाड़ियों में छिपाकर रखा था अवैध कट्टा

गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने आजाद खटाल मैदान स्थित झाड़ियों से एक अवैध देशी कट्टा और दो धारदार हथियार बरामद किए.

अवैध हथियार बरामद होने के मामले में जुगसलाई थाना में आर्म्स एक्ट के तहत कांड संख्या 77/26 दर्ज किया गया है. पुलिस ने गिरफ्तार दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है.

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों के खिलाफ जुगसलाई थाना में पहले से भी कई मामले दर्ज हैं. मामले में पुलिस साजिश से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By Shyam narayan jha

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.
Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >