जमशेदपुर. परसुडीह थाना क्षेत्र के अंतर्गत सोपोडेरा शांतिनगर इलाके में सोमवार सुबह उस वक्त भारी हड़कंप मच गया, जब एक सुनसान स्थान से नरकंकाल बरामद किया गया. इस घटना की जानकारी मिलते ही पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई. मौके पर स्थानीय ग्रामीणों की भारी भीड़ जमा हो गई. सूचना मिलने के तुरंत बाद पुलिस बल के साथ परसुडीह थाना प्रभारी अविनाश कुमार घटना स्थल पर पहुंचे और पूरे मामले की जांच शुरू की. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए नरकंकाल को अपने कब्जे में ले लिया है.
नाले के समीप मिट्टी में दबी मिलीं इंसानी हड्डियां जानकारी के अनुसार, सोमवार की सुबह स्थानीय ग्रामीणों ने शांतिनगर में एक नाले के किनारे मिट्टी में कुछ संदिग्ध चीज दबी हुई देखी. जब लोगों ने पास जाकर गौर से देखा, तो वह एक इंसानी कंकाल प्रतीत हुआ. इसके बाद ग्रामीणों ने बिना किसी देरी के तुरंत इसकी सूचना स्थानीय परसुडीह थाना पुलिस को दी. शव पूरी तरह हो चुका है डीकंपोज, जांच में जुटी पुलिस मामले की जानकारी देते हुए थाना प्रभारी अविनाश कुमार ने बताया कि शव पूरी तरह से डीकंपोज हो चुका है. शव गल जाने के कारण मौके पर सिर्फ हड्डियां ही बची हैं. उन्होंने बताया कि प्रथम दृष्टया कंकाल की स्थिति को देखकर यह स्पष्ट कर पाना बेहद मुश्किल है कि यह किसी पुरुष का है या महिला का. इसके साथ ही यह भी अभी स्पष्ट नहीं है कि यह कंकाल कितना पुराना है. फॉरेंसिक लैब भेजा जाएगा अवशेष, लापता लोगों की खंगाली जा रही सूची पुलिस ने बताया कि मौत के सही कारणों और मृतक की पहचान सुनिश्चित करने के लिए कंकाल के अवशेषों को फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. वैज्ञानिक और विस्तृत जांच रिपोर्ट आने के बाद ही पुलिस किसी ठोस नतीजे पर पहुंच पाएगी. फिलहाल, पुलिस इस गुत्थी को सुलझाने के लिए क्षेत्र और आसपास के थानों में दर्ज हालिया लापता लोगों की सूची (मिसिंग रिपोर्ट) खंगाल रही है, ताकि मृतक की शिनाख्त की जा सके.
