जमशेदपुर : पढ़ाई पूरी करने के बाद नौकरी की राह चुनने के बजाय गुलमोहर हाई स्कूल के पूर्व छात्र अक्षत भारद्वाज ने उद्यमिता की दुनिया में कदम बढ़ाया है. उनके इलेक्ट्रिक मोबिलिटी वेंचर ‘अक्षेन इलेक्ट्रिक’ का चयन मणिपाल यूनिवर्सिटी जयपुर के अटल इनक्यूबेशन सेंटर के प्री-इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के लिए हुआ है. इसके साथ ही अक्षत ने सेंटर के प्री-इन्क्यूबेशन इकोसिस्टम में औपचारिक रूप से प्रवेश कर लिया है.
इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की समस्याओं पर फोकस
अक्षत का स्टार्टअप इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों के समाधान पर काम करेगा. इसमें बैटरी सुरक्षा, चार्जिंग की सुविधा और बिक्री के बाद बेहतर सर्विस को प्रमुखता दी गई है. स्टार्टअप की योजना बेहतर बैटरी मैनेजमेंट और थर्मल मैनेजमेंट सिस्टम विकसित करने की है. साथ ही आसानी से निकाली जा सकने वाली बैटरी और बेहतर सर्विस सपोर्ट पर भी काम किया जाएगा.
पहले ग्राहकों की समस्या समझेगी टीम
अक्षत का स्टार्टअप फिलहाल ‘वैलिडेशन फर्स्ट’ मॉडल पर काम कर रहा है. इसके तहत किसी उत्पाद को विकसित करने से पहले ग्राहकों की वास्तविक जरूरतों और उनकी समस्याओं को समझा जाएगा. इसके बाद टीम निर्माण, इंजीनियरिंग, प्रोटोटाइप तैयार करने और वास्तविक परिस्थितियों में उत्पाद की टेस्टिंग की दिशा में आगे बढ़ा जाएगा.
मेंटर्स और इंडस्ट्री एक्सपर्ट्स से मिलेगा मार्गदर्शन
प्री-इन्क्यूबेशन प्रोग्राम के दौरान अक्षत को विशेषज्ञों की मेंटरशिप, मार्गदर्शन और उद्योग जगत से संपर्क का अवसर मिलेगा. इससे स्टार्टअप के आइडिया को व्यावहारिक रूप देने और उसे आगे विकसित करने में मदद मिलने की उम्मीद है.
गुलमोहर हाई स्कूल की प्रिंसिपल ने जताई खुशी
गुलमोहर हाई स्कूल की प्रिंसिपल प्रीति सिन्हा ने अक्षत की उपलब्धि पर खुशी जताई. उन्होंने कहा - यह गर्व की बात है कि स्कूल का एक पूर्व छात्र अपनी सोच को कक्षा से बाहर वास्तविक दुनिया में प्रयोग करने की दिशा में कदम बढ़ा रहा है. शिक्षा का उद्देश्य युवाओं को केवल नौकरी तलाशने के लिए तैयार करना नहीं, बल्कि उन्हें समस्याओं को पहचानने और उनके समाधान विकसित करने के लिए सक्षम बनाना भी है.
