Jamshedpur News : पूर्व उपाध्यक्ष रामाकांत यूनियन से छह साल के लिए निष्कासित

Jamshedpur News : टाटा कमिंस से मान्यता प्राप्त टीसी कर्मचारी यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष सह वर्तमान कमेटी मेंबर रामाकांत करुवा को यूनियन की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है.

टीसी कर्मचारी यूनियन से निष्कासित होने वाले रामाकांत तीसरे पदाधिकारी

Jamshedpur News :

टाटा कमिंस से मान्यता प्राप्त टीसी कर्मचारी यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष सह वर्तमान कमेटी मेंबर रामाकांत करुवा को यूनियन की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया गया है. सोमवार को यूनियन से निष्कासित करने का पत्र टीसी कर्मचारी यूनियन के अध्यक्ष दीप्तेंदु चक्रवर्ती के आदेश से जारी किया गया. टीसी कर्मचारी यूनियन के पूर्व उपाध्यक्ष रामाकांत करुवा तीसरे पदाधिकारी हैं, जिन्हें यूनियन से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है. इससे पहले यूनियन के सहायक सचिव धीरज कुमार और संयुक्त सचिव मनोज कुमार सिंह को यूनियन से छह साल के लिए निष्कासित किया गया है. जबकि एहसान अहमद सिराजी का मामला विचाराधीन है. वहीं यूनियन के दो पदाधिकारी कंपनी से बर्खास्त हो चुके हैं. छह फरवरी को मारपीट के एक मामले में यूनियन के पूर्व सहायक सचिव चंद्रभूषण पांडेय बर्खास्त हुए और दिसंबर 2019 में मारपीट के ही एक मामले में यूनियन के पूर्व महामंत्री अरुण सिंह भी बर्खास्त हो चुके हैं.

क्या है आरोप

मामला वेज रिवीजन समझौते के दौरान का है. पांच अगस्त 2023 को टीसी कर्मचारी यूनियन ने अगले आदेश तक के लिए कैंटीन और पैंट्री का बहिष्कार का निर्णय लिया था. 12 अगस्त 2023 को यूनियन ने सामूहिक तौर पर कैंटीन और पैंट्री बहिष्कार खत्म करने का निर्णय लिया. रामाकांत करुवा पर आरोप लगा कि यूनियन की कार्यकारिणी समिति का सदस्य होते हुए भी यूनियन के सामूहिक निर्णय का विरोध करते हुए कैंटीन बहिष्कार को जारी रखा. यूनियन सदस्यों को भी यूनियन के निर्णय के विरोध में करने के लिए भड़काने का कार्य किया. यूनियन के व्हाट्सएप ग्रुप पर नौ जून 2024 व 13 दिसंबर 24 को यूनियन के पदाधिकारियों को अधिकृत एकाउंट से धमकी देने का भी आरोप लगा था.

72 घंटे में मांगा गया था जवाब

15 फरवरी 2025 को यूनियन अध्यक्ष दीप्तेंदु चक्रवर्ती ने शो-कॉज कर सभी बिंदुओं पर 72 घंटे में जवाब मांगा था. उनसे पूछा गया था कि क्यों नहीं आपके खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाये. शो-कॉज मिलने पर रामाकांत करुवा ने 18 फरवरी को ईमेल के जरिये अपना जवाब दिया था, लेकिन यूनियन शो कॉज के जवाब से असहमत और असंतुष्ट रही और दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से यूनियन की प्राथमिक सदस्यता से छह साल के लिए निष्कासित कर दिया.

डिस्क्लेमर: यह प्रभात खबर समाचार पत्र की ऑटोमेटेड न्यूज फीड है. इसे प्रभात खबर डॉट कॉम की टीम ने संपादित नहीं किया है

प्रभात खबर डिजिटल प्रीमियम स्टोरी

लेखक के बारे में

Author: RAJESH SINGH

Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.

Read More

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >