Jamshedpur News : मकदमपुर से जोजोबेड़ा तक तेंदुआ का खौफ, मिले पंजों के निशान, वन विभाग ने कहा- जंगली बिल्ली है
शहर में तेंदुआ का खौफ दिनभर देखा गया. खास तौर पर टाटानगर स्टेशन से लेकर परसुडीह के मकदमपुर, जोजोबेड़ा समेत आसपास के कई इलाके में तेंदुआ के दिखने की जानकारी मिलती रही.
शहर में तेंदुआ का खौफ दिनभर देखा गया. खास तौर पर टाटानगर स्टेशन से लेकर परसुडीह के मकदमपुर, जोजोबेड़ा समेत आसपास के कई इलाके में तेंदुआ के दिखने की जानकारी मिलती रही. बुधवार की दोपहर करीब 2 बजे मकदमपुर बस्ती स्थित शिव मंदिर के पास रहने वाली आभा देवी के घर में चौकी के नीचे एक जंगली जानवर बैठा हुआ मिला. इसे देखकर परिवार के लोग घबरा गये. बताया जाता है कि आभा देवी घर में थीं. कुछ देर बाद जब उनकी नजर चौकी के नीचे बैठे जानवर पर पड़ी, तो वह डर गईं. हिम्मत जुटाकर वह कमरे से बाहर निकलीं और शोर मचाया. इसी बीच मौका पाकर जानवर घर के पीछे की दीवार फांद कर भाग निकला. घटनास्थल के पास पंजों के निशान भी मिले हैं. घटना की सूचना मिलने पर वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आसपास के लोगों से जानकारी ली. टीम ने आभा देवी के घर का भी निरीक्षण किया. हालांकि वन विभाग ने तेंदुआ होने से इनकार करते हुए इसे जंगली बिल्ली बताया है. विभाग की ओर से लोगों से अपील की गयी है कि किसी भी हालत में जानवर पर पत्थर या हथियार से हमला न करें और दिखने पर तुरंत विभाग को सूचना दें. वहीं कुछ लोगों ने जोजोबेड़ा इलाके में भी इसी तरह के जानवर को देखने का दावा किया है. वन विभाग ने संभावित एरिया में ट्रैप कैमरा लगाया है.
ट्रैप कैमरे लगाये गये हैं, जंगली बिल्ली ही है : डीएफओ
डीएफओ सबा आलम अंसारी ने बताया कि करीब आधा दर्ज़न ट्रैप कैमरे लगाये गये हैं. अब तक एक भी कैमरे में तेंदुआ नहीं दिखा है. जोजोबेड़ा की बात कोरी अफवाह थी. जबकि मकदमपुर में एक पैर के निशान मिले हैं, जिसकी जांच की जा रही है. जहां तक जानवर की बात है, तो वह जंगली बिल्ली है.
Digital Media Journalist having more than 2 years of experience in life & Style beat with a good eye for writing across various domains, such as tech and auto beat.