मासूम बेटी के बाद पिता ने भी तोड़ा दम, हादसे में उजड़ गया परिवार

घाटशिला के अमाइनगर पुलिया हादसे में एक और मौत, पिता सुब्रतो सिन्हा ने इलाज के दौरान दम तोड़ा। हादसे में अब तक दो लोगों की जा चुकी है जान।

घाटशिला : घाटशिला थाना क्षेत्र की अमाइनगर पुलिया पर बीते 2 सितंबर की रात हुए सड़क हादसे ने एक परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया. हादसे में घायल पांच वर्षीय श्रेया कृष्णा सिन्हा की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी. अब उसके पिता सुब्रतो सिन्हा (42) ने बुधवार को दम तोड़ दिया. उन्हें बेहतर इलाज के लिए जमशेदपुर से पश्चिम बंगाल ले जाया जा रहा था. रास्ते में उनकी मौत हो गयी.

एक परिवार के दो लोगों की मौत से आक्रोश

घटना की जानकारी मिलते ही बुधवार शाम घाटशिला अनुमंडल अस्पताल में परिजन और बड़ी संख्या में ग्रामीण जुट गये. एक परिवार के दो सदस्यों की मौत से लोगों में आक्रोश है. जानकारी के अनुसार, सुब्रतो सिन्हा अपने परिवार के साथ अमाइनगर पुलिया पर सुवर्णरेखा नदी में बढ़े जलस्तर को देखने गये थे. इसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित कार (जेएच05डीके 0236) ने पुलिया पर खड़े लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्य घायल हुए थे. टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुब्रतो की पत्नी सुष्मिता सिन्हा पुलिया से नीचे सुवर्णरेखा नदी में जा गिरी थीं. करीब चार घंटे की तलाश के बाद स्थानीय लोगों ने उन्हें हरिणधुकड़ी के चिड़िका घाट से जीवित बाहर निकाला था. बाद में उनका ऑपरेशन भी हुआ.

अस्पताल में लोगों की लगी भीड़.

सात सितंबर को हुआ था बेटी का अंतिम संस्कार

हादसे में सुब्रतो सिन्हा, उनकी पत्नी सुष्मिता, पांच वर्षीय श्रेया और दो वर्षीय चांद सिन्हा घायल हुए थे. श्रेया की इलाज के दौरान मौत हो गयी थी. उसका अंतिम संस्कार सात सितंबर को किया गया था. अब सुब्रतो की मौत से परिवार पर दोहरा दुख टूट पड़ा है. अन्य घायलों का इलाज जमशेदपुर के एमजीएम और टीएमएच अस्पताल में चल रहा है.

हमारा पूरा परिवार उजड़ गया : सुदीप्तो सिन्हा

सुब्रतो सिन्हा के छोटे भाई सुदीप्तो सिन्हा ने अस्पताल में भावुक होकर कहा, हमारा पूरा परिवार उजड़ गया. इस समय कुछ कहने की स्थिति में नहीं हैं. घटना के बाद अस्पताल परिसर में मौजूद परिजन और ग्रामीण गमगीन थे. मौके पर सुदीप्तो सिन्हा, सुमन सिन्हा, मुखिया प्रतिनिधि सुखलाल हांसदा, अंपा हेंब्रम, श्याम सुंदर बारिक, उत्तम दास, राम पात्रो, संजीव नायक, कलीराम शर्मा, सुभो चटर्जी और आशीष रॉय समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद थे.

मुख्य आरोपी फरार, गिरफ्तारी के लिए छापेमारी

घाटशिला थाना प्रभारी राजेंद्र कुमार मुंडा ने बताया कि सड़क हादसे में अब तक दो लोगों की मौत हो चुकी है. मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है, जबकि मुख्य आरोपी फरार है. उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

प्रभात खबर डिजिटल टॉप स्टोरी

लेखक के बारे में

By मो. युनूस परवेज

मो. युनूस परवेज वर्ष 1995 से पत्रकारिता कर रहे हैं. उन्होंने घाटशिला महाविद्यालय और रांची विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और राजनीतिक विज्ञान ऑनर्स की डिग्री हासिल की है. इनकी राजनीति, अपराध, नक्सलवाद, खेल, शिक्षा और खेती किसानी की खबरों में विशेष रुचि है. डिजिटल जर्नलिज्म में 5 साल का अनुभव है.

Read More
ePaper

अपने दैनिक समाचार अनुभव को और बेहतरीन बनाएं

सिर्फ ₹399 ₹149

एक साल के लिए

आज ही सब्सक्राइब करें

संबंधित खबरें >

यह भी पढ़ें >